पटना, 30 अगस्त (वार्ता) बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को बताया कि गोपालगंज जिले में हरखुआ-ख्वाजेपुर मार्ग चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य को स्वीकृति प्रदान की गई है।
श्री चौधरी ने बयान जारी कर कहा कि पथ निर्माण विभाग द्वारा 26 करोड़ 18 लाख 62 हजार रुपये की लागत से गोपालगंज जिले के पथ प्रमंडल अंतर्गत हरखुआ-ख्वाजेपुर मार्ग (कुल लंबाई 6.80 किलोमीटर) का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि योजना का वित्तीय वर्ष 2025-26 में निर्धारित किया गया है, कार्यान्वयन की जिम्मेदारी पथ प्रमंडल, गोपालगंज के कार्यपालक अभियंता को दी गई है।
उपमुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि वर्तमान में ये सड़क सकरी है। इस वजह से यहां लोगों को यातायात में असुविधा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी, साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)सरकार सड़कों और पुल-पुलियों जैसे बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार अब उस दौर से पूरी तरह बाहर निकल चुका है, जब लालू-राबड़ी राज में ‘गड्ढे में सड़क या सड़क में गड्ढा’ की स्थिति आम थी। वर्ष 2005 की तुलना में आज बिहार में एक विशाल और सुदृढ़ सड़क नेटवर्क तैयार हुआ है। प्रदेश की शानदार सड़कें अब पूरे देश के लिए नजीर बन रही हैं।
