
विदिशा। नगर पालिका विदिशा में चल रहे घमासान के बीच शुक्रवार को कांग्रेस पार्षदों और पार्षद प्रतिनिधियों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया. नीमताल इलाके से ढोल-नगाड़ों के साथ गधों को फूलमालाएं पहनाकर नगर पालिका कार्यालय लाया गया. कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष आशीष माहेश्वरी और पार्षद प्रतिनिधि राजा यादव ने कार्यालय परिसर में गधों को घुमाया और उन्हें नगर पालिका अध्यक्ष व सीएमओ को सौंपने की कोशिश की। लेकिन दोनों की अनुपस्थिति के चलते गधों को वहीं छोड़ दिया गया.
आशीष माहेश्वरी ने कहा कि नपा की कार्यप्रणाली पूरी तरह निष्क्रिय हो चुकी है. कर्मचारी राजनीतिक दबाव में मनमानी कर रहे हैं, जिससे विकास कार्य ठप पड़े हैं. वहीं राजा यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा में अध्यक्ष पद को लेकर आपसी खींचतान के कारण नगर के विकास कार्य ठप हैं और जनता परेशान है. उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि गधे मेहनती और वफादार होते हैं, परंतु नगर पालिका वर्तमान में उनसे भी निष्क्रिय साबित हो रही है.
इस प्रदर्शन के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिन पर कई यूजर्स ने गधों के अपमान को लेकर सवाल भी उठाए. वहीं, कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह प्रदर्शन नगर पालिका की निष्क्रियता और भाजपा की अंदरूनी लड़ाई पर कटाक्ष है.
