
अनूपपुर। जिला मुख्यालय अंतर्गत ग्राम पंचायत जामुड़ी में 21 वर्षीय विकास सिंह की रहस्यमय मौत से परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने शव को अनूपपुर–अमरकंटक मुख्य मार्ग पर रखकर करीब दो घंटे तक यातायात अवरुद्ध कर दिया। मृतक के पिता लेखन सिंह ने बताया कि 27 अगस्त को उनका पुत्र कृष्ण विसर्जन कार्यक्रम में दोस्तों के साथ गया था। देर रात लौटते समय उसके साथ मारपीट की खबर मिली और वह रहस्यमय ढंग से लापता हो गया।
सुबह खोजबीन के दौरान उसका शव सकरा स्थित नहर तालाब में मिला। सूचना पर पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की कार्रवाई संतोषजनक नहीं है और वे निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
इस संबंध में एसडीओपी सुमित केरकेट्टा ने बताया कि मृतक के परिजनों को समझाइश देकर आश्वस्त किया गया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। मृतक के पिता का कहना है कि उनके बेटे की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और इसकी पूरी जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए।
