जबलपुर: लक्ष्य से कम वसूली करने वाले 15 कर संग्रहिताओं और सहायक राजस्व निरीक्षकों को कारण बताओं नोटिस जारी किया गया है। दरअसल निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव के द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 की राजस्व वसूली की समीक्षा लगातार की जा रही है। उनके द्वारा समीक्षा के दौरान सभी संबंधितों को बकाया करों की राशि के अनुसार वसूली के लिए लक्ष्य भी निर्धारित किये गए हैं परन्तु लक्ष्य के अनुरूप वसूली की कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिसके कारण ऐसे 15 संग्रहिताओं और सहायक राजस्व निरीक्षकों को निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव के द्वारा कारण बताओं नोटिस जारी कर वसूली के कार्यो में सुधार लाने के निर्देश दिये गए है।
इस संबंध में अपर आयुक्त राजस्व श्रीमती अंजू सिंह ने बताया कि समीक्षा बैठकों में सभी संभागीय कार्यालयों को वसूली एवं रसीदों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिये गए थे। निगमायुक्त श्रीमती प्रीति यादव के निर्देशानुसार अगस्त 2025 की समीक्षा की गयी, जिसमें संभागवार वसूली एवं रसीदें कम पाये जाने पर 15 कर संग्रहितओं और सहायक राजस्व निरीक्षकों को कारण बताओं नोटिस जारी गया है.
जिसमें संभाग 2 विनोद धुर्वे, संभाग 8 के निखार मिश्रा, राजेन्द्र सोनी, अरविन्द्र सिंह, संभाग 10 के राधामिशन धुर्वे, उदयभान कोल, संभाग 11 के प्रमोद किसपोट्टा, संभाग 12 के गणेश पटैल, राजेन्द्र चौधरी, संभाग 14 के रामप्रकाश सोनी, अजय शुक्ला, संभाग 15 के रामनाथ भूमिया एवं संभाग 16 के सुश्री गीता नेटी, रमाशंकर तिवारी कृष्ण प्र. प्रजापति के नाम शामिल है, जिनके द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उनका प्रदर्शन खराब रहा है, इनको तीन दिवस के अंदर कम रसीदों, वसूली के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है। स्पष्टीकरण प्रस्तुत न करने पर संबंधितों के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी।
