गजराराजा मेडिकल कॉलेज के रेनोवेशन के लिए 1000 करोड का दिया प्रस्ताव

ग्वालियर: जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल को गजरा राजा चिकित्सा महाविद्यालय एवं जयारोग्य चिकित्सा समूह ग्वालियर में आवश्यक सिविल निर्माण एवं रिनोवेशन कार्यों के लिए 1000 करोड रुपए की राशि स्वीकृत किए जाने का प्रस्ताव दिया। मंत्री सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में निरंतर चिकित्सा अधोसंरचना एवं चिकित्सा सेवाओं की बेहतरी के लिए कार्य किया जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने शीघ्र ही इस कार्य की स्वीकृति का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आगामी माह में होने वाली बैठक में इस संबंध में निर्णय लेकर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इस बैठक में ग्वालियर जिले के प्रभारी मंत्री सिलावट को भी आमंत्रित किए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए.मंत्री सिलावट ने बताया कि गजरा राजा चिकित्सा महाविद्यालय एवं जयारोग्य चिकित्सा समूह ग्वालियर में चिकित्सकीय भवनों की स्थिति एवं वर्तमान में मरीजों की संख्या के दृष्टिगत विस्तार की आवश्यकता है, जिसके लिए वृहद प्लान तैयार किया गया है।

चिकित्सकीय भवनो की बिस्तर संख्या में वृद्धि के साथ ही लगभग डेढ़ हजार की क्षमता का सभागार भी निर्मित किया जाना आवश्यक है। अस्पताल के पुराने मुख्य भवन एवं परिसर के जीर्णोद्धार की आवश्यकता भी है। गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय एवं जयारोग्य चिकित्सा समूह ग्वालियर अविभाजित मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ का सबसे पुराना चिकित्सा महाविद्यालय है, जो कि देश की स्वतंत्रता से पूर्व का है। यह चिकित्सा महाविद्यालय लगभग 80 वर्ष का होने जा रहा है।

यह 60 एमबीबीएस विद्यार्थियों के साथ प्रारंभ हुआ, जिसमें वर्तमान में 200 एमबीबीएस छात्र-छात्राएं, 178 पोस्ट ग्रेजुएट छात्र-छात्राएं, 17 सुपर स्पेशलिटी छात्र-छात्राएं एवं 120 से अधिक नर्सिंग छात्र-छात्राएं अध्यनरत हैं। इसके अतिरिक्त 400 से अधिक चिकित्सा शिक्षक, 900 से अधिक नर्सिंग स्टाफ एवं 800 से अधिक अन्य कर्मचारी कार्यरत है।

Next Post

खाद दुकानों का औचक निरीक्षण, डबरा में एक प्रतिष्ठान पर कार्रवाई

Wed Aug 27 , 2025
ग्वालियर: संयुक्त संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास आर.एस. शाक्यवार के नेतृत्व में संभागीय गुणवत्ता नियंत्रण दल ने ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र की खाद दुकानों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान जैन खाद भंडार, मां कैला देवी कृषि सेवा केंद्र, शिवम सीमेंट एजेंसी, कामतानाथ बीज भंडार एवं जय बाबा ट्रेडर्स […]

You May Like