मोदी की डिग्री से ध्यान भटकाने के लिए सौरभ भारद्वाज के यहां हुई छापेमारी : आप

नयी दिल्ली, 26 अगस्त (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) की वरिष्ठ नेता और दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने मोदी सरकार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की फर्जी डिग्री से देश के लोगों का ध्यान भटकाने के लिए सौरभ भारद्वाज के यहां प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापे मारे हैं।
सुश्री आतिशी ने कहा जब एक आरटीआई कार्यकर्ता ने मोदी जी की डिग्री दिखाने को कहा तो दिल्ली यूनिवर्सिटी डिग्री दिखाने से इन्कार कर हाईकोर्ट चली गयी। आखिर यह कैसी यूनिवर्सिर्टी है, जिसे इस बात का गर्व नहीं है कि देश के प्रधानमंत्री उसके पूर्व छात्र हैं। जिस समय का यह केस बताया जा रहा है, उस समय सौरभ भारद्वाज मंत्री ही नहीं थे, यह पूरा केस ही झूठा है।
उन्होंने आज कहा कि यह छापेमारी पूरी तरह से फर्जी है और इसका मकसद प्रधानमंत्री की डिग्री को लेकर सोमवार से देशभर में चल रही चर्चा से ध्यान भटकाना है। उन्होंने बताया कि एक आरटीआई कार्यकर्ता ने केंद्रीय सूचना आयोग (सीआईसी) से आदेश प्राप्त किया था कि दिल्ली यूनिवर्सिटी को श्री मोदी की डिग्री दिखानी होगी लेकिन विश्वविद्यालय ने ऐसा नहीं किया और सीआईसी के आदेश के खिलाफ हाईकोर्ट चली गई।
आप नेता ने सवाल उठाया कि अगर दिल्ली विश्वविद्यालय को इस बात पर गर्व नहीं है कि देश के प्रधानमंत्री उनके छात्र थे, तो यह कैसी विश्वविद्यालय है? सुश्री आतिशी ने उदाहरण दिया कि जब रेखा गुप्ता दिल्ली की मुख्यमंत्री बनीं, तो दिल्ली यूनिवर्सिटी ने उन्हें बुलाकर सम्मानित किया, क्योंकि उनकी छात्रा मुख्यमंत्री बनी लेकिन दिल्ली विश्वविद्यालय श्री मोदी की डिग्री को छिपाना चाहती है, जिससे देश में सवाल उठ रहे हैं।
आप नेता ने दावा किया कि श्री मोदी जी डिग्री पर हो रही चर्चा को दबाने के लिए श्री भारद्वाज के घर पर फर्जी ईडी रेड कराई गई। उन्होंने कहा कि यह केस पूरी तरह से बेबुनियाद है, क्योंकि जिस समय का मामला (2018-19 में दिल्ली के 24 अस्पताल निर्माण परियोजनाओं का) बताया जा रहा है, उस समय सौरभ भारद्वाज मंत्री ही नहीं थे। वह दो साल बाद मंत्री बने।
उन्होंने कहा कि सत्येंद्र जैन पर भी फर्जी केस में रेड हुई और सालों बाद सीबीआई और ईडी को क्लोजर रिपोर्ट दाखिल करनी पड़ी, क्योंकि उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला। भाजपा की हर साजिश नाकाम हुई है और आगे भी होगी। यह छापेमारी केवल ध्यान भटकाने और “आप” को डराने की साजिश है, लेकिन “आप” डरने वाली नहीं है।
श्री केजरीवाल ने कहा, “आप नेता सौरभ भारद्वाज के घर ईडी की रेड मोदी सरकार द्वारा एजेंसीज के दुरुपयोग का एक और मामला है। मोदी सरकार आम आदमी पार्टी के पीछे पड़ गई है। जिस तरह “आप” को टारगेट किया जा रहा है, ऐसे इतिहास में किसी पार्टी को नहीं किया गया।”
उन्होंने कहा, “आप को इसलिए निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि मोदी सरकार की ग़लत नीतियों और भ्रष्ट कामों के ख़िलाफ़ सबसे मुखर आवाज “आप” की है। मोदी सरकार हमारी आवाज़ दबाना चाहती है। ये कभी नहीं होगा। आप भाजपा की इन छापों से डरने वाली नहीं। हम हमेशा की तरह देश हित में ग़लत नीतियों और भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाते रहेंगे।”

Next Post

बस्तर संभाग में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, सुकमा दंतेवाड़ा और जगदलपुर में बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त

Tue Aug 26 , 2025
बस्तर, 26 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ के कई जिलों में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है और नदी- नाले उफान पर हैं तथा निचले इलाकों में पानी घुस गया है। सूत्रों के अनुसार बस्तर संभाग में पिछले आठ दस घंटे से लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित हुआ […]

You May Like