युवक की मौत: 24 घंटे में हत्या की गुत्थी सुलझी

इंदौर:चंदन नगर थाना क्षेत्र में युवक पर चाकू से हमला कर उसे मौत के घाट उतारने वाले दोनों हमलावरों को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है. इनमें एक नाबालिग भी शामिल है. आरोपियों के कब्जे से हत्या में उपयोग किया गया खटकेदार चाकू भी बरामद कर लिया है,पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.
घटना 23 जुलाई की रात करीब 9.30 बजे की है, मारुति पैलेस निवासी गणेश बंजारा पर दो युवकों ने चाकू से हमला कर दिया था. गंभीर हालत में उसे एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

मृतक के साथी रोहित सोलंकी ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने शुरुआत में जानलेवा हमले का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी. बाद में गणेश की मौत होने पर प्रकरण में हत्या की धारा बढ़ा दी गई. घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी जोन-4 डॉ. ऋषिकेश मीणा व एडीसीपी दीशेष अग्रवाल के निर्देशन में अन्नपूर्णा एसीपी शिवेंदु जोशी और चंदन नगर थाना प्रभारी निरीक्षक इंद्रमणि पटेल के नेतृत्व में दो टीमें गठित की की थी.

पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय मुखबिरों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों 20 वर्षीय अभिषेक उर्फ दरबार धाकड़ा निवासी ग्राम भोनखेड़ी, जिला हरदा, हाल मुकाम शिरपुर काकड़ और 16 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल खटकेदार चाकू भी बरामद किया है. पुलिस अब घटना के कारणों की गहराई से जांच कर रही है. प्रारंभिक पूछताछ में आपसी रंजिश की आशंका जताई गई है, हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही मामले में और खुलासे हो सकते हैं.

Next Post

सावन में श्रद्धा : बाबा महाकाल के दर पर 25 लाख श्रद्धालु पहुंचे, 8 करोड़ की आय

Fri Jul 25 , 2025
उज्जैन:पवित्र सावन माह में विश्वप्रसिद्ध बाबा महाकाल के दर्शन को अब तक 25 लाख से अधिक श्रद्धालु देश-विदेश से उज्जैन पहुंच चुके हैं.महज 12 दिनों में मंदिर समिति को 8 करोड़ रुपए की आय हुई है, जिसमें 3 करोड़ 75 लाख रुपए का लड्डू प्रसाद शामिल है. 1 लाख से […]

You May Like