अलवर, 09 फरवरी (वार्ता) राजस्थान में अलवर में रविवार को आयोजित ‘टाइगर मैराथन’ में स्थानीय और देशभर के हजारों धावक उत्साह और उमंग के साथ दौड़े।
आयोजन समिति के मीडिया प्रभारी लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने बताया कि ‘टाइगर मैराथन’ के तहत आयोजित 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर मैराथन, पांच किलोमीटर शक्ति रन एवं दो किलोमीटर पैरा मैराथन में उत्साह एवं उमंग के साथ हजारों की संख्या में अलवर जिले सहित देशभर के प्रसिद्ध धावकों ने शिरकत की।
इससे पहले केंद्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव ने अलवर सांसद खेल उत्सव के तहत इस मैराथन का आयोजन वी शक्ति के बैनर तले कराया और उन्होंने अलवर टाइगर मैराथन काे प्रताप ऑडिटोरियम से झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘फिट इंडिया हिट इंडिया’ के संदेश को आगे बढ़ाते हुए अलवर सांसद खेल उत्सव का आयोजन जिले भर में कराया गया। जिले के सभी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवाओं एवं जिले के नागरिकों में अपनी भागीदारी इस आयोजन में निभाई। इस आयोजन का उदेश्य स्वस्थ अलवर स्वच्छ के साथ अलवर को पर्यटन एवं खेल के क्षेत्र में विश्व पटल पर लाना है।
उन्होंने कहा कि अलवर सांसद खेल उत्सव के तहत आठों विधानसभा क्षेत्र में हजारों खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया था, वहीं प्रति विधानसभा स्तर पर खेल उत्सव में करीब 10 हजार सक्रिय लोग भागीदार बने हैं। श्री यादव ने कहा कि यह खेल महाकुंभ अगले वर्ष भी आयोजित होगा और अलवर टाइगर मैराथन को हम सब मिलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाएंगे।
