
देवास। मध्यप्रदेश पुलिस विभाग द्वारा आयोजित “पुलिस बैंड भर्ती 2026” की विभिन्न चरणों में संपन्न भर्ती प्रक्रिया के उपरांत इंटरव्यू के बाद अंतिम मेरिट सूची जारी की गई। इसमें देवास के स्थायी निवासी एवं संगीत शिक्षक प्रीतम ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए 100 में से 92 अंक प्राप्त कर प्रदेशभर में सभी श्रेणियों में सर्वाधिक अंक अर्जित किए। संगीत के क्षेत्र में उन्होंने कुमार गंधर्व से संबंधित प्रारंभिक संगीत परीक्षा उत्तीर्ण करने के पश्चात शासकीय संगीत महाविद्यालय, इंदौर से बी. म्यूजिक की शिक्षा प्राप्त की। वर्ष 2011 से संगीत शिक्षक के रूप में कार्यरत प्रीतम ने देवास के विभिन्न विद्यालयों के साथ-साथ इंदौर स्थित जेम्स स्कूल तथा संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी स्थित ड्यून्स इंटरनेशनल स्कूल में भी संगीत शिक्षक के रूप में कार्य किया है।
वर्तमान में वे सेंट्रल इंडिया एकेडमी स्कूल देवास में संगीत शिक्षक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। प्रीतम को तबला, ढोलक, ऑक्टोपैड, ड्रम सेट, डफ, कांगो, बोंगो, नाल, टिंबानी, रोटो सेट, दरबूका, क्लैपबॉक्स, ढोल सहित विभिन्न पर्कशन वाद्य यंत्रों का व्यावसायिक ज्ञान है। वे लगभग 17 प्रकार के वाद्य यंत्रों को कुशलतापूर्वक बजाने में दक्ष हैं। इसके साथ ही पुलिस बैंड से संबंधित साइड ड्रम एवं बेस ड्रम का भी उन्हें व्यावहारिक एवं तकनीकी ज्ञान है।
