आष्टा। मुखबिर की सूचना पर अवैध रूप से खैर की लकड़ी का परिवहन करते हुए वन विभाग की टीम ने तीन आरोपियों को धर दबोचा है. जिनके कब्जे से लाखों रुपए की लकड़ी व वाहन जब्त किया गया.
जानकारी के अनुसार वन परिक्षेत्र अधिकारी नवनीत झा को मुखबिर से सूचना मिली की एक पिकअप वाहन सिद्दीकगंज धर्मपुरी बीट के अंतर्गत धर्मपुरी जोड़ से श्यामपुरा मार्ग पर आ रहा है. टीम द्वारा गुराडिय़ा राव के पास बोलेरो पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें अवैध रूप से खैर की लकड़ी भरी हुई थी. टीम ने आरोपी वाहन चालक आदिल पुत्र साकिर खान निवासी उज्जैन एवं दो अन्य साथी सूरज पुत्र अंतर सिंह बंजारा तथा बने सिंह पुत्र मांगीलाल बंजारा निवासी उमरदड को गिरफ्तार किया. खैर की लकड़ी और बोलेरो पिकअप वाहन की अनुमानित कीमत 7 लाख 66 हजार रुपए बताई जा रही है. पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उनसे पूछताछ की जा रही है.
