
सिंगरौली। जिले के लोगों के लिए मेडिकल कॉलेज सिंगरौली-नौगढ़ एक ऐतिहासिक सौगात साबित होगा। यहां पढ़ाई के साथ मरीजों का इलाज भी संभव होगा। इसे ऊर्जाधानी वासियों के लिए बड़ा तोहफा बताते हुए देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम ने कहा कि भाजपा सरकार जो वादा करती है, उसे पूरा करती है।
मेडिकल कॉलेज नौगढ़ के लोकार्पण के बाद मीडिया से बातचीत में विधायक मेश्राम ने कहा कि यह संस्थान पहले सिर्फ एक सपना था, जिसे भाजपा सरकार ने साकार किया है। अब गंभीर बीमारियों का इलाज यहीं होगा और गरीब मरीजों को बड़े शहरों की ओर भटकना नहीं पड़ेगा। आधुनिक तकनीक और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह कॉलेज युवाओं के लिए भी बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ला समेत जनप्रतिनिधियों का आभार जताया। उन्होंने बताया कि कॉलेज में 100 सीटें उपलब्ध होंगी और नीट परीक्षा में सफल छात्र यहां पढ़ाई कर सकेंगे।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए विधायक ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सिर्फ घोषणाएं कीं, लेकिन सिंगरौली के विकास के लिए कभी ठोस काम नहीं किया। भाजपा सरकार ने मेडिकल कॉलेज का वादा पूरा किया है और जल्द ही माइनिंग कॉलेज भी क्षेत्र के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाएगा।
