अहमदाबाद, 25 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुजरात में अहमदाबाद के हांसलपुर में बने सुजुकी मोटर प्लांट में दो नए विकास कार्यों का शुभारंभ करेंगे।
यह दोनों विकास कार्य भारत के हरित परिवहन के वैश्विक केंद्र के रूप में उभरने और मेक इन इंडिया एवं आत्मनिर्भर भारत के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी सुजुकी कारखाने के पहले वैश्विक रणनीतिक बैटरी इलेक्ट्रिक वाहन (बीईवी) “ई विटारा” के विनिर्माण का शुभारंभ करेंगे। इन वाहनों का निर्यात यूरोप और जापान जैसे उन्नत बाजारों सहित सौ से अधिक देशों में किया जाएगा। इस उपलब्धि के साथ, भारत अब सुजुकी के इलेक्ट्रिक वाहनों का वैश्विक विनिर्माण केंद्र बन जाएगा।
इसके अलावा श्री मोदी टीडीएस लिथियम-आयन बैटरी संयंत्र में हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड के उत्पादन की शुरुआत करने के साथ भारत के बैटरी इकोसिस्टम के अगले चरण का भी उद्घाटन करेंगे। तोशिबा, डेंसो और सुजुकी का यह संयुक्त उद्यम, घरेलू विनिर्माण और स्वच्छ ऊर्जा नवाचार को बढ़ावा देगा। इससे अब अस्सी प्रतिशत से अधिक बैटरी का निर्माण भारत में ही होगा।

