भैरूंदा। प्रथम खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल का आयोजन जम्मू-कश्मीर स्थित डल झील श्रीनगर में किया गया. प्रतियोगिता के अंतिम दिन मप्र वाटर स्पोर्ट्स केनो स्लालम और रोइंग अकादमी के खिलाडिय़ों ने अपने खेल का श्रेष्ठतम प्रदर्शन करते हुए 6 स्वर्ण, 2 रजत और 3 कांस्य सहित 11 पदक अपने नाम कर प्रदेश को गौरवान्वित किया.
सभी खिलाडिय़ों को खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बधाई दी हैं. दीपिका ढीमर और कुमारी प्रगति शर्मा ने क्याकिंग केनोइंग के महिला वर्ग सी-2500 मी. में मध्य प्रदेश को रजत पदक दिलाया. दीपिका ढ़ीमर भैरूंदा तहसील के मंडी गांव की रहने वाली है. 15 साल की दीपिका ने कई बार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर अपने जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है. उल्लेखनीय है कि दीपिका की बड़ी बहन कावेरी ने भी वाटर स्पोर्ट में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है.
