भाजपा नेताओं एवं मंत्रियों ने जेटली को श्रद्धांजलि दी

नयी दिल्ली, 24 अगस्त (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर रविवार को भाजपा नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों ने उन्हें यहां अरुण जेटली पार्क में और सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत कई प्रमुख नेताओं ने यहां अरुण जेटली की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज, कमलजीत सेहरावत, रामवीर बिधूड़ी और दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी अरुण जेटली को पुष्पांजलि अर्पित की।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, वरिष्ठ भाजपा नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पद्म विभूषण से सम्मानित अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन करता हूं। सार्वजनिक जीवन में अपनी सादगी और शुचिता से उच्च आदर्श स्थापित करने वाले श्री जेटली का संपूर्ण जीवन भारत की उन्नति और प्रगति को समर्पित रहा। राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण के उनके प्रयास हम सभी को देशसेवा के लिए सदैव प्रेरित करते रहेंगे।

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एक्स पर लिखा “ श्री जेटली एक कुशल विधिवेत्ता और प्रखर वक्ता होने के साथ मिलनसार व्यक्ति भी थे। वह मित्रों के मित्र तो थे ही, विरोधियों के भी अपने थे। वह दूसरों की जरूरत के समय कंधे से कंधा मिलाकर खड़े होने वाले व्यक्ति थे। सार्वजनिक जीवन में चाहे आर्थिक सुधारों के माध्यम से देश की विकास यात्रा को गति देना हो या संवाद और सहमति से लोकतंत्र की गरिमा बढ़ाना हो, जेटली ने हर क्षेत्र में अपनी एक अमिट छाप छोड़ी। नैतिकता, मूल्यों और विचारधारा के प्रति उनकी ईमानदारी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके स्नेहिल मार्गदर्शन ने मुझे हमेशा दिशा दिखाई। ”

श्री प्रधान ने लिखा कि श्री जेटली को नये भारत के सामाजिक-आर्थिक पुनरुत्थान के अग्रणी निर्माताओं में से एक के रूप में याद किया जाएगा। उनका जीवन और विरासत सदैव प्रेरणादायी रहेगी।

 

Next Post

आंध्रप्रदेश में अगले 48 घंटों में भारी बारिश के आसार

Sun Aug 24 , 2025
अमरावती, 24 अगस्त (वार्ता) मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों से दूर उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक नये निम्न दाब क्षेत्र बनने का अनुमान है, जिसके कारण आंध्र प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के आसार हैं। मौसम रिपोर्ट […]

You May Like