
सीधी/कुसमी। जिले में भोली-भाली जनता के साथ कियोस्क सेंटरों पर ठगी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। ताजा मामला कुसमी थाना क्षेत्र के जूरी स्थित यूनियन बैंक के कियोस्क सेंटर का है, जहां सेंटर संचालक दयाराम कुशवाहा ने गाजर नौढीया निवासी लालमन बैगा से खाता चेक करने के नाम पर ₹1.25 लाख पार कर दिए।
जानकारी के अनुसार, लालमन बैगा 14 जुलाई को प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि की जानकारी लेने सेंटर पहुंचा था। संचालक ने आधार कार्ड और फिंगरप्रिंट लेकर तीन बार लेन-देन किया और खाते से ₹75 हजार निकाल लिए। इसके बाद 5 अगस्त को फिर खाते की जानकारी लेने पहुंचे लालमन से संचालक ने दोबारा अंगूठा लगवाया और ₹50 हजार निकाल लिए।
शंका होने पर लालमन अपने ग्राम पंचायत सचिव बंशगोपाल सिंह के पास पहुंचा, जहां चेक करने पर पता चला कि 7 जुलाई को ₹75 हजार और 4 अगस्त को ₹25 हजार खाते में आ चुके थे।
मामले की शिकायत पर थाना प्रभारी कप्तान सिंह ने जांच कर कियोस्क संचालक दयाराम कुशवाहा के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 316(5) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
