इंदौर: परदेशीपुरा इलाके में देर रात आपसी विवाद के दौरान कुछ आरोपियों ने एक युवक को घेरकर बेरहमी से पीटा और चाकू से हमला कर घायल कर दिया. घटना के बाद आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए. मामले में पुलिस जांच कर रही है.मामला परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के नंदा नगर गली नंबर 25 स्थित गणेश कलेक्शन दुकान की छत का है. शनिवार रात करीब साढ़े बारह बजे हुए विवाद में युवक पर हमला किया है.
पीड़ित युवक ने पुलिस को कि गई रिपोर्ट में बताया कि पहले उसके परिचितों के बीच कहासुनी हो रही थी. इस दौरान उसने गाली-गलौज का विरोध किया और वहां से जाने लगा. इसी बीच कुछ युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया और घेरकर मारपीट शुरू कर दी. आरोपियों ने लात-घूंसे बरसाने के साथ गालियां दीं. इसी दौरान एक आरोपी ने पास में रखा चाकू निकालकर युवक पर वार कर दिया.
चाकू उसकी कमर के पास लगने से खून बहने लगा. पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे, तब तक हमलावर जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले. घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया है. मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, थाना प्रभारी आरडी कानवा का कहना है कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से हमलावरों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी.
