(नीरज कुमार मिश्रा) भोपाल। राजधानी में आगामी अक्टूबर महीने तक मेट्रो ट्रेन का संचालन होना है. मेट्रो के कार्य निर्धारित समय सीमा तक पूरा हो सके इसके लिए काम की गति को बढ़ा दिया गया है. भोपाल में सुभाष नगर मेट्रो डिपो से लेकर एम्स अस्पताल तक प्रायोरिटी कॉरिडोर पर मेट्रो का कॉमर्शियल रन भी जल्द ही शुरू किया जाना है. इन तीनों स्टेशनों के साइड में बनाए जाने वाले प्रवेश और निकासी के कार्यों को पूरा करने के लिए दो शिफ्ट में काम शुरू किया गया है. कार्यों में हो रही देरी को देखते हुए अब गति को बढ़ाया गया है.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी भोपाल में मेट्रो के अक्टूबर महीने में संचालन को लेकर एक कार्यक्रम में जानकारी साझा पहले ही कर दी है. मेट्रो के कार्यों की गति का निरीक्षण करने के लिए विभागीय अधिकारी भी लगातार दौरा कर रहे हैं. सीएमआरएस की टीम अपने स्तर पर जांच के बाद ही मेट्रो के संचालन को हरी झंडी देगी. मेट्रो डिपो देखने के बाद सबसे पहले टीम का सामना यहां के प्रवेश और निकासी द्वार से ही होना है. भोपाल मेट्रो प्रबंधन के लिए अभी यह काम तय समय में पूरा करना चुनौती बना हुआ है.
प्रायोरिटी कॉरिडोर के तहत आने वाले अलकापुरी, एम्स अस्पताल और डीआरएम ऑफिस में प्रवेश और निकासी के काम संचालित है. यहां पर अभी तक तैयार होने वाला ढांचा भी बनकर तैयार नहीं हो पाया है. डीआरएम मेट्रो स्टेशन के साइड में होने वाले प्रवेश-निकासी के कार्य अभी बाकी है. ढांचे के लिए लोहे के पाइप बांधे गए हैं. जिससे यह कयास लगाया जा रहा है कि अक्टूबर महीने तक मेट्रो का संचालन चुनौतीपूर्ण बना हुआ है. सभी कारिडोर में प्रवेश निकासी के काम के बाद इसे कानकोर्स से जोड़ा जाएगा. लाइट, प्लास्टर, फिनिशिंग का कार्य इसके बाद पूरा किया जाएगा.
मेट्रो के कार्य निरंतर चल रहे है. तय समय में कार्यों को पूरा कर लिया जाएगा.
हिमांशु ग्रोवर, जनसंपर्क अधिकारी, मेट्रो भोपाल
