केरल के कोच्चि में 600 करोड़ रूपये में बनेगा अडानी का लॉजिस्टिक्स पार्क

कोच्चि, 23 अगस्त (वार्ता) अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिडेट (एपीएसईजेड) केरल के कोच्चि में 600 करोड़ रुपये की लागत से लॉजिस्टिक्स पार्क बनायेगा। इसके भूमि पूजन समारोह में शनिवार को मुख्यमंत्री पिनराई विजयन भी शामिल हुये।

अडानी पोर्ट्स ने शनिवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि “केरल में निवेश करें” पहल के तहत कोच्चि के कलामस्सेरी में विकसित यह ऐतिहासिक परियोजना राज्य को एक लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक हब में बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। रणनीतिक रूप से स्थित यह पार्क 70 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैला है। इससे परिवहन लागत कम करने, समय पर संचालन को सक्षम बनाने और ई-कॉमर्स, एफएमसीजी/एफएमसीडी, फार्मास्यूटिकल्स, ऑटोमोटिव और खुदरा सहित प्रमुख क्षेत्रों में निर्यात क्षमताओं को बढ़ाने के लिए डिजाइन किया गया है।

कंपनी ने बताया कि इस लॉजिस्टिक्स पार्क के विकास पर 600 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जायेगा। इससे 1,500 लोगों को नौकरी मिलेगी और स्थानीय रोजगार, कौशल विकास तथा आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

एपीएसईजेड के पूर्णकालिक निदेशक और सीईओ, अश्विनी गुप्ता ने कहा कि कलामस्सेरी लॉजिस्टिक्स पार्क, अडानी पोर्ट्स के बंदरगाह-केंद्रित उद्यम से पूरी तरह एकीकृत परिवहन और लॉजिस्टिक्स व्यवसाय में परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। उन्होंने कहा, “‘यह पार्क दक्षिण भारत में हमारी लॉजिस्टिक्स उपस्थिति को मजबूत करने, स्थानीय विनिर्माण और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा। हम विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं जो स्थिरता, कनेक्टिविटी और राष्ट्रीय प्रगति को बढ़ावा दे।”

केरल के विधि, उद्योग और कॉयर मंत्री पी. राजीव ने कहा कि कलामस्सेरी लॉजिस्टिक्स पार्क एपीएसईज़ेड के स्मार्ट और टिकाऊ बुनियादी ढांचे के दृष्टिकोण को दर्शाता है जो व्यापार को बढ़ावा देता है, समुदायों को सशक्त बनाता है और बाजारों को जोड़ता है। एक लॉजिस्टिक्स केंद्र से कहीं बढ़कर, यह समावेशी विकास और क्षेत्रीय परिवर्तन को बढ़ावा देने वाला है।

 

Next Post

कैट का हार्ट एवं डायबिटीज जांच शिविर 6 सितंबर को, डॉ. जमाल एवं डॉ. झिंगन देंगे परामर्श

Sat Aug 23 , 2025
ग्वालियर: कनफेडरेशन ऑफ आल इंडिया ट्रेडर्स (कैट), ग्वालियर द्वारा शनिवार, 6 सितंबर को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक बाल भवन, सिटी सेंटर, ग्वालियर पर विशाल निःशुल्क हृदयरोग, मधुमेह, थायराइड जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा।व्यापारियों के संगठन कैट द्वारा लगाए जा रहे उक्त शिविर के संयोजक मुकेश गुप्ता, […]

You May Like