
सतना : कानून-व्यवस्था का डंके की चोट पर माखौल उड़ाने का दुस्साहस उस वक्त अपनी हदें पार करता नजर आया जब जिले के नागौद क्षेत्र में स्थित लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस में वन्य पशु सांभर के मांस की पार्टी किए जाने की जानकारी सामने आई. हलांकि मामले की जानकारी होने पर छापेमारी की गई. लेकिन इसके बावजूद भी असरदार लोग तो वहां से निकल गए और सांकेतिक तौर पर महज एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया.
वन परिक्षेत्राधिकारी नागौद को मुखबिर के जरिए इस बात की सूचना मिली थी कि नागौद स्थित लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस में कुछ लोगों द्वारा वन्य पशु सांभर के पके हुए मांस की पार्टी की जा रही है. जिसे देखते हुए मातहत अमले के साथ परिक्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंच गए. इतना ही नहीं बल्कि मामले की गंभीरता को भांपते हुए नागौद थाने से कुछ पुलिस बल को भी मौके पर बुलाया लिया गया.
वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने जब रेस्ट हाउस में छापेमारी की तो कमरा नंबर 3 में मौजूद कुछ लोग भाग निकले. वन विभाग के दावे के अनुसार भागने वाले लोगों को पकडऩे का प्रयास किया गया. लेकिन वे पकड़ नहीं नहीं आए. इसी कड़ी में कमरा नंबर 3 से धौररहा निवासी दर्पण सिंह को पकड़ लिया गया. जब कमरे की तलाशी ली गई तो टेबिल पर रखे एक बर्तन में सांभर का पका हुआ मांस पाया गया. जिसे जब्त कर लिया गया. गौरतलब है कि वन विभाग और पुलिस टीम द्वारा की गई संयुक्त छापेमारी की कार्रवाई काफी देर तक पहेली ही बनी रही. लेकिन जब मामला सोशल मीडिया में सुर्खियां बटोरने लगा तो वन विभाग द्वारा एक संक्षिप्त घटनाक्रम बताकर पल्ला झाड़ लिया गया
