
सीधी। जिले की छोटी-छोटी नदियों को बचाने और उनके मूल स्वरूप को पुनर्जीवित करने के लिए समाजसेवियों, सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों द्वारा निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शहर के निकटवर्ती वन क्षेत्र रामगढ़ नम्बर 2 से हिरन नदी के उद्गम स्थल झोरा झरना, खधिया धाम पास विसैंधा नदी, तेंदू नदी और सूखा नदी के तटों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने नदियों की पूजा-अर्चना की और स्वच्छता व संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधरोपण किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष लालचंद गुप्ता विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि छोटी नदियां जीवन रेखा हैं, उनका संरक्षण समाज की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी बताया कि भाजपा सरकार नदियों के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
नदी पूजा समारोह में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति रामगढ़ नम्बर 2 अध्यक्ष अमित कुमार गौतम, युवा व्यापारी उदय गुप्ता, जनपद सदस्य उमेश सोनी, एसबीएम ब्लॉक समन्वयक रमाकांत यादव, पंचायत प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
