निगम आयुक्त का आदेश राजस्व वसूली तेज करो

सिंगरौली। नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान ने शुक्रवार को निगम सभागार में बैठक लेकर राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन के तय लक्ष्यों के अनुरूप समयसीमा में शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित की जाए।

निगमायुक्त ने कहा कि एक दिन छोड़कर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वसूली कार्य की समीक्षा की जाएगी। सभी राजस्व प्रभारी अपने-अपने वार्डों में जाकर प्रतिदिन वसूली करें और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें। बड़े बकायादारों को तुरंत नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि समय पर कर जमा नहीं होता है तो उनके विरुद्ध कुर्की की कार्यवाही की जाएगी।

उन्होंने बिना भवन अनुज्ञा बनाए जा रहे मकानों को चिन्हित कर संबंधित स्वामियों पर कार्यवाही करने को भी कहा। संपत्ति कर, दुकान किराया, जल कर, भू-भाटक सहित अन्य करों की वसूली समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए ताकि निगम की आय में वृद्धि हो सके। साथ ही, आगामी 13 सितंबर को आयोजित होने वाली लोक अदालत से पहले सभी बकायादारों को नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए।

बैठक में कार्यपालन यंत्री प्रदीप चडार, उपायुक्त आर.पी. बैस, वार्ड प्रभारी एवं कंप्यूटर ऑपरेटर उपस्थित रहे।

निगमायुक्त ने यह भी निर्देशित किया कि निगम कार्यालय आने वाले हितग्राहियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए, उन्हें बैठने की सुविधा दी जाए और यह बताया जाए कि उनके कार्य में कितना समय लगेगा। उन्होंने कहा कि निगम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचाना है।

Next Post

RTO चेक प्वाइंट ने 1 लाख 80 हजार रूपये का वसूला जुर्माना 

Fri Aug 22 , 2025
सिंगरौली। जन जागरुकता अभियान के तहत आज दिन शुक्रवार 22 अगस्त को व्यापक पैमाने में यात्री बसों एवं मालवाहक वाहनों में रेडियम रिफ्लेक्टर लगाया गया है। जिससे सिंगरौली जिले की सड़क हादसों से निजात दिलाया जा सके। स्थानीय प्रशासन कि कल्पना दुर्घटना मुक्त जिला बने अपना का नारा भी लगवाया […]

You May Like