प्रेमी के घर से कूदी युवती की तारों में उलझने से बची जान

इंदौर: सेंट्रल कोतवाली क्षेत्र में एक युवती ने अपने प्रेमी के घर की तीसरी मंजिल से छलांग लगाकर जान देने की कोशिश की. हालांकि नीचे लगे तारों में फंस जाने से उसकी जान बच गई, लेकिन हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं. घटना का वीडियो गुरुवार को सामने आया, जिसके बाद मामला चर्चा में आया. मामले में पुलिस ने पीडिता के बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की.

खरगोन निवासी युवती बुधवार रात अपने प्रेमी आवेश के घर पहुंची थी, वहां दोनों के बीच विवाद हो गया. युवती का आरोप है कि आवेश ने किसी और से शादी कर उसे धोखा दिया और अक्सर उसके साथ मारपीट भी करता था. इसी बहस के बीच युवती तीसरी मंजिल पर पहुंची और छलांग लगा दी. नीचे गिरने पर आवेश और उसका परिवार घबराकर युवती को पास ही के अर्पण अस्पताल ले गया.

वहां उन्होंने मामला दबाने की कोशिश की और इस दौरान आवेश ने युवती के मोबाइल से चैटिंग व अन्य डाटा डिलीट कर दिया. थोड़ी देर बाद आरोपी पक्ष अस्पताल से भाग निकला. इसी बीच सूचना मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे और युवती को दूसरे अस्पताल ले गए. डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है.

इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती
युवती ने पुलिस को बताया कि उसकी आवेश से पहचान इंस्टाग्राम पर हुई थी. चार साल तक उसने रिश्ते का वादा कर संबंध बनाए, लेकिन शादी नहीं की. इस बीच युवती ने धोखा मिलने पर पहले भी एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसमें आवेश जेल जा चुका है. बाद में उसने शादी का झांसा देकर समझौते की पेशकश की, लेकिन वादा पूरा नहीं किया. युवती का यह भी आरोप है कि 15 अगस्त को आवेश ने नशा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया था. सेंट्रल कोतवाली पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पीड़िता के बयान दर्ज करने के बाद आरोपी पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरु की.

Next Post

एल एंड टी फाइनेंस, गूगल पे की साझेदारी में पर्सनल लोन सुविधा

Fri Aug 22 , 2025
मुंबई, (वार्ता) गैर बैंकिंग वित्तीय सेवा कंपनी एल एंड टी फाइनेंस लिमिटेड (एलटीएफ) ने गूगल पे के साथ साझेदारी कर उसके डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से पर्सनल लोन उपलब्ध कराने की घोषणा की है। कंपनी की ओर से गुरुवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह साझेदारी […]

You May Like