जबलपुर: 25 मई को नौतपा की दस्तक के पहले गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। बुधवार को तापमान चढक़र 42 डिग्री पर पहुंच गया और सुबह से सूर्यदेव के तेवर उग्र रहे। दिनभर चिलचिलाती धूप के बीच गर्म हवा के थपेड़े लोगों को परेशान करते रहे। दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और बादल मंडराने लगे। इसके बाद अंधड़ चली और कुछ देर के लिए रिमझिम बारिश हुई। जिससे मौसम खुशनुमा हो गया। मौसम की बदली रंगत से गर्मी से रात में हल्की राहत रही।
उड़े छप्पर, कई पेड़ गिरे
अंधड़ से कई दुकानें के छप्पर उड़ गए। इसके साथ ही कई जगह पेड़ भी गिरे। खमरिया में भी पेड़ गिरने के साथ दुकानों छप्पर उड़ गए थे। पेड़ गिरने से आवगमन भी प्रभावित हुआ।
यह मौसम प्रणालियां है सक्रिय
क्षेत्रीय मौसम कार्यालय के अनुसार वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ पछुआ पवनों के बीच उत्तर में एक ट्रफ लाइन के रूप में अव्यवस्थित है। एक चक्रवातीय परिसंचरण हरियाणा के ऊपर सक्रिय है, जिससे उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिमी बंगाल होते हुए बंग्लादेश के ऊपर ट्रफ लाइन गुजर रही है। अलग-अलग स्थानों पर बनी इन मौसम प्रणालियों के असर से मौसम का मिजाज बदला हुआ है।
ऐसा रहा तापमान
बुधवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री पर पहुंच गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। सुबह के वक्त आद्रता 43 प्रतिशत दर्ज की गई। पश्चिमी हवाएं 6 से 7 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली।
आज भी वर्षा के आसार
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अब भी मौसम प्रणालियां सक्रिय है इसके असर से जबलपुर सहित संभाग के जिलों में आज भी तेज हवा के साथ कहीं कहीं बूंदाबांदी और बारिश के आसार है।