मुंबई, 19 अगस्त (वार्ता) भारतीय पूंजी बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की लिवाली से मंगलवार को रुपये में 26 पैसे की मजबूती रही और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 87.13 रुपये का रहा।
भारतीय मुद्रा में आज शुरू से ही अच्छी तेजी रही। यह 15 पैसे की मजबूती के साथ 87.24 रुपये प्रति डॉलर पर खुली और एक समय 86.9250 रुपये प्रति डॉलर तक मजबूत हो गयी थी। बाद में बैंकों के डॉलर की खरीद बढ़ाने से हालांकि रुपये की तेजी कुछ कम हुई और यह 87.3150 रुपये प्रति डॉलर तक उतरने के बाद 87.13 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
रुपये में यह लगातार दूसरी तेजी है। इससे पहले सोमवार को यह 20 पैसे मजबूत होकर 87.39 रुपये प्रति डॉलर पर रहा था।
विदेशी निवेशक इस सप्ताह भारतीय पूंजी बाजार में शुद्ध रूप से लिवाल बने हुये हैं, जिसका फायदा रुपये को मिल रहा है। इसके अलावा दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर में जारी नरमी से भी रुपया मजबूत हुआ है।
