शेयर बाजारों में तेजी जारी, चार सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंचे प्रमुख सूचकांक

मुंबई, 19 अगस्त (वार्ता) नये सुधारों की उम्मीद में घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार चौथे दिन तेजी रही और प्रमुख सूचकांक करीब चार सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुँच गये।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 370.64 अंक (0.46 प्रतिशत) की बढ़त में 81,644.39 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 103.70 अंक यानी 0.42 प्रतिशत चढ़कर 24,980.65 अंक पर बंद हुआ। यह दोनों सूचकांकों का 14 जुलाई के बाद का उच्चतम स्तर है।
लाल किले से वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) सुधारों की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को नयी पीढ़ी के सुधारों के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक के बाद आज सुबह से ही प्रमुख सूचकांकों में तेजी रही। एशियाई बाजारों में गिरावट के दबाव में मझौली और छोटी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली रही, लेकिन बाद में यूरोपीय बाजारों से सकारात्मक संकेत मिलने के बाद निवेशकों ने उन पर विश्वास दिखाया।
सेंसेक्स 45.36 अंक की बढ़त में 81,319.11 अंक पर खुला और पूरे दिन हरे निशान में रहा। इसका दिन का निचला स्तर 81,315.44 अंक और उच्चतम स्तर 81,755.88 अंक रहा।
सेंसेक्स की 30 में 19 कंपनियों के शेयरों में तेजी रही जबकि शेष 11 के शेयर लाल निशान में बंद हुये। टाटा मोटर्स का शेयर सबसे अधिक 3.50 प्रतिशत, अडानी पोर्ट्स का 3.16, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 2.82 और इटरनल का 2.15 प्रतिशत चढ़ा। टेक महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक, हिंदुस्तान यूनीलिवर और मारुति सुजुकी के शेयर एक प्रतिशत से अधिक चढ़े। मारुति सुजुकी, भारती एयरटेल, टाटा स्टील, आईटीसी, इंफोसिस, एसबीआई में भी तेजी रही।
बजाज फिनसर्व का शेयर 1.09 प्रतिशत लुढ़क गया। पावरग्रिड, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचसीएल टेकनोलॉजी, बीईएल और एचडीएफसी बैंक में भी गिरावट रही।
निफ्टी-50 सूचकांक भी 14.40 अंक मजबूत होकर 24,891.35 अंक पर खुला। यह नीचे 24,873.95 अंक और ऊपर 25,012.65 अंक तक गया, हालांकि 25 हजार से ऊपर टिक नहीं सका।
ज्यादा शेयरों पर आधारित निफ्टी-100 सूचकांक में 0.47 प्रतिशत की तेजी रही। मझौली और छोटी कंपनियों में निवेशकों का विश्वास बनने से निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक में 1.01 फीसदी और स्मॉलकैप-100 सूचकांक में 0.70 फीसदी की तेजी रही।
निवेशकों ने ऑटो, एफएमसीजी, बैंकिंग, धातु और रियलिटी सेक्टरों के सूचकांक ज्यादा चढ़े। वहीं, फार्मा और स्वास्थ्य सूचकांकों में गिरावट देखी गयी।
एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 0.38 प्रतिशत, हांगकांग का हैंगसेंग 0.21 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.02 प्रतिशत लुढ़क गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.25 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.31 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था।

Next Post

फाइनल में जगह बनाने के लिए ईस्ट बंगाल का मुकाबला डेब्यूटेंट डायमंड हार्बर एफसी से

Tue Aug 19 , 2025
कोलकाता, 19 अगस्त (वार्ता) 134वें इंडियनऑयल डूरंड कप का सेमीफाइनल चरण कोलकाता में रोमांचक मोड़ पर है, जहां एक बदली हुई और आत्मविश्वास से भरी ईस्ट बंगाल टीम बुधवार को सेमीफाइनल में टूर्नामेंट डेब्यूटेंट डायमंड हार्बर एफसी से भिड़ेगी। यह मुकाबला शाम 7 बजे कोलकाता के प्रसिद्ध विवेकानंद युवा भारती […]

You May Like

मनोरंजन