इंदौर: रेलवे स्टेशन के सामने स्थित एक होटल में सोमवार रात उस समय हंगामा मच गया, जब ठंडी रोटी परोसने की शिकायत करने पर होटल संचालक ने महिला ग्राहक को थप्पड़ मार दिया. विवाद बढ़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी होटल मालिक न सिर्फ महिला से बदसलूकी करता रहा, बल्कि पुलिस से भी उलझ. आखिरकार पुलिस ने उसे थाने ले जाकर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की.
ग्वालटोली थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार नई दिल्ली के वार्ड–2, मेहरौली निवासी वंदना अपने पति, बच्चों और परिजनों के साथ इंदौर आई थीं, सोमवार रात उनकी दिल्ली लौटने की ट्रेन थी. रवाना होने से पहले परिवार स्टेशन के सामने वाली गली में अप्पारा होटल में खाना खाने पहुंचा. आरोप है कि यहां वेटर ने ठंडी रोटी परोसी. वंदना ने गरम रोटी मांगी तो होटल मालिक मकसूद देहलवी पिता नासिर ने अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया.
विरोध करने पर मकसूद ने वंदना को थप्पड़ मार दिया और उनके पति व परिजनों से गाली-गलौज की, शोरगुल सुनकर भीड़ जुट गई. सूचना पर ग्वालटोली थाने से पुलिसकर्मी पहुंचे और मकसूद को थाने चलने को कहा, लेकिन उसने पुलिस से भी बदतमीजी की और एक कर्मचारी को धक्का दे दिया. आखिरकार पुलिस ने उसे पकड़कर थाने ले जाया. थाना प्रभारी संजू कामले का कहना है कि वंदना ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी, जिस पर मकसूद के खिलाफ 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर जांच शुरु की.
