सीहोर/इछावर। बोरदी कलां के ग्रामीण पप्पू नागर की क्रेशर मशीन द्वारा लगातार होने वाली ब्लास्टिंग से परेशान हैं. रोजाना पत्थर तोड़ने के दौरान डाइनामाइट के धमाके और कंपन से कई घरों की दीवारें दरारें पड़ गई हैं. रविवार रात हुई ब्लास्टिंग ने ग्रामीणों का आक्रोश भड़काया, जिसके बाद उन्होंने इछावर-भैरुंदा मार्ग पर करीब दो घंटे तक चक्काजाम कर दिया.
ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष पप्पू नागर की मनमानी और अवैध खदान से हुए बड़े गड्ढों में गिरने से इंसान और मवेशियों की जान को खतरा है. विरोध करने पर क्रेशर मशीन मालिक धमकी भी देता है.
सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण तहसील कार्यालय पहुंचे और एसडीएम जमील खान को ज्ञापन देकर शिकायत दर्ज कराई. चक्काजाम के दौरान वाहन लंबी कतारों में खड़े रहे और लोगों ने जमकर नारेबाजी की. पुलिस अधिकारियों ने समझाइश के बाद ही विरोध समाप्त कराया.ग्रामीणों का कहना है कि पप्पू नागर और उनके बेटे भाजपा से जुड़े होने का फायदा उठाकर कार्रवाई को प्रभावित कर रहे हैं.
उपस्थित ग्रामीणों में तुलसीराम, सुनील, प्रीतम, प्रदीप, मनोहर और अर्जुनसिंह सहित कई लोग शामिल थे.
