
कराईकल (पुडुचेरी), 14 फरवरी (वार्ता) केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को कांग्रेस और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला और उन पर हर रोज झूठ बोलने की परंपरा शुरू करने और देश के किसानों और मछुआरों को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने पुडुचेरी के कराईकल में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुये श्री गांधी पर ये आरोप लगाये। श्री शाह ने 2019 के पुलवामा हमले की बरसी पर शहीद हुए 40 सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश उनकी वीरता को कभी नहीं भूलेगा।
श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा यूरोपीय संघ (ईयू) और इंग्लैंड के साथ किए गए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) और अमेरिका के साथ प्रस्तावित व्यापार समझौते (ट्रेड डील) से भारत के मछुआरों को सबसे अधिक लाभ होगा। उन्होंने कहा, “मैं इस मंच से श्री गांधी को जवाब देना चाहता हूं। प्रधानमंत्री मोदी ने इन समझौतों में किसानों और पशुपालकों को 100 प्रतिशत सुरक्षा दी है और इससे किसी भी किसान को नुकसान नहीं होने वाला।” उन्होंने श्री गांधी से अपील की कि वे इन समझौतों की बारीकियों को समझें और भ्रम फैलाना बंद करें।
श्री शाह ने कहा कि इस जनसभा के दो उद्देश्य हैं—पहला, प्रधानमंत्री मोदी और पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखना और दूसरा यूपीए तथा इंडिया गठबंधन की नीतियों को बेनकाब करना। उन्होंने दावा किया कि एनडीए सरकार ने पुडुचेरी में भ्रष्टाचार समाप्त किया, केंद्र पर निर्भरता कम कर केंद्रशासित प्रदेश को अधिक स्वायत्त बनाया और राजनीतिक स्थिरता स्थापित की है। श्री शाह ने कहा कि 2021 विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को 44 प्रतिशत मत और 30 में से 16 सीटें मिली थीं। आगामी चुनाव में भाजपा, एआईएनआरसी और एआईएडीएमके गठबंधन 60 प्रतिशत मतों के साथ 24 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य लेकर चल रहा है। जनसभा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
