इंदौर: नारकोटिक्स विंग की टीम ने रविवार देर रात नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को दबोचा. आरोपियों के पास से 88 ग्राम एमडी ड्रग जब्त की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब आठ लाख रुपए आंकी गई है. विंग के अधिकारी आरोपियों से पूछताछ कर रहे है.डीएसपी संतोष सिंह हाड़ा नारकोटिक्स विंग ने बताया कि एसआई सीमा मिमरोट को मुखबिर से सूचना मिली थी कि झालावाड़ (राजस्थान) निवासी दो युवक आईएसबीटी बस स्टैंड क्षेत्र में किसी को एमडी सप्लाई करने आने वाले हैं. इस पर तत्काल घेराबंदी कर दबिश दी गई.
कार्रवाई के दौरान 24 वर्षीय तौकिर पिता अब्दुल सलीम और 19 वर्षीय यश पिता गोपाल परमार को पकड़ लिया, दोनों के पास से 88 ग्राम एमडी ड्रग बरामद हुई. आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पकड़े गए युवकों से ड्रग सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है. बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी लंबे समय से इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में नशे की खेप पहुंचाने का काम कर रहे थे. इस कार्रवाई में नारकोटिक्स विंग के प्रधान आरक्षक पंकज, मनीष, आरक्षक अमित, प्रदीप, रजनीश और विश्वविद्यालय स्मिता की सराहनीय भूमिका रही.
