मुंबई (वार्ता) केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को ऑस्ट्रेलिया के व्यापार एवं पर्यटन मंत्री डॉन फैरेल के साथ द्विपक्षीय व्यापार संबंधों पर बातचीत की।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हुई इस बैठक में भारत-ऑस्ट्रेलिया विपक्षी व्यापार समझौते की प्रगति की समीक्षा भी की गई।
श्री गोयल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि यह बैठक सार्थक रही।
वाणिज्य मंत्री ने लिखा,“ हमारी चर्चा भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते (सीईसीए) के दूसरे चरण को अंतिम रूप देने पर केंद्रित रही ताकि दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को और बढ़ाया जा सके।”
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आर्थिक सहयोग एवं व्यापार समझौते (भारत-ऑस्ट्रेलिया एकटा) पर अप्रैल 2022 में हस्ताक्षर किए गए थे। भारत और ऑस्ट्रेलिया का द्विपक्षीय व्यापार 2020-21 में 12.2 अरब डालर था जो 2022- 23 में दोगुने से भी ऊपर ,26 अरब डॉलर हो गया। 2023 24 में यह 24 अरब डॉलर के साथ थोड़ा घट गया था लेकिन वर्ष के दौरान भारत के निर्यात में सालाना आधार पर 14 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
