सतना:नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने रविवार को ग्राम तिघरा में दयोदय गौशाला सतना द्वारा निरीह अशक्त एवं बीमार गौवंश के उपचार हेतु संचालित गौसेवा एम्बुलेंस तथा गौ चिकित्सालय का शुभारंभ फीता काटकर किया। राज्यमंत्री ने कहा कि गौमाता केवल हमारे धर्म और संस्कृति की आत्मा ही नहीं, बल्कि भारतीय जीवन दर्शन की आधारशिला भी हैं।
उन्होंने कहा कि बीमार और असहाय गौवंश की सेवा करना वास्तव में मानवता के सर्वोच्च धर्म का पालन करना है। इस पवित्र प्रयास से न केवल गौवंश को जीवनदान मिलेगा, बल्कि समाज में करुणा, संवेदना और सेवा भाव को भी नई दिशा मिलेगी।राज्यमंत्री ने दयोदय गौशाला परिवार को हृदय से धन्यवाद देते हुए कहा कि जिन्होंने गौसेवा को आधुनिक संसाधनों से जोड़कर एक अनुकरणीय पहल की है। आइए हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि गौमाता की रक्षा और सेवा में सदैव तत्पर रहेंगे। इसके बाद राज्यमंत्री ने गौ-शाला का निरीक्षण करते हुए गौमाता को गुड भी खिलाया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि तथा बडी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
