कांग्रेस के सृजन मंथन के बाद विन्ध्य के लिए निकले चेहरों में कुछ नए कुछ पुराने

सतना:लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की रणनीति पर अमल करते हुए विन्ध्य में कांग्रेस ने सृजन अभियान के मंथन के बाद सामने आए चेहरों को सार्वजनिक कर दिया है.अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव के सी वेणुगोपाल के हस्ताक्षर से जारी पूरे प्रदेश की सूची में विन्ध्य के सभी जिलों को एक साथ शामिल किया गया है.
गौरतलब है कि प्रदेश स्तर पर चल रही चर्चाओं के मुताबिक सूची को 15 अगस्त के पहले जारी हो जाना था.किन कारणों से यह सूची 15 अगस्त के बाद जारी हुई इसका खुलासा नहीं हो सका है.ऐसा माना जा रहा है कि वरिष्ठ नेताओं के बीच मंथन के कारण सूची के जारी होने में बिलम्ब हुआ.

हमेशा की तरह सहमति और असहमति के बीच सामने आए नवीन अध्यक्षों में विन्ध्य के सात जिलों में तीन पर कोई बड़ा परिवर्तन नहीं किया गया है.जैसे विधानसभा चुनाव के दौरान नवगठित मैहर जिलाध्यक्ष पद पर पहले से मनोनीत धर्मेश घई को आने वाले समय के लिए भी पात्र माना गया है.रीवा ग्रामीण अध्यक्ष पद पर पहले से काबिज राजेन्द्र शर्मा को मंथन के बाद भी उचित मानते हुए पुन: दायित्व सौप दिया गया है.इसी प्रकार सीधी में ज्ञान सिंह पर पुन: पार्टी ने विश्वास व्यक्त किया है.श्री सिंह को पिछले विधानसभा में चुनाव लडने का भी मौका दिया गया था.

विन्ध्य के महत्वपूर्ण सतना जिले में मंथन के बाद दोनों अध्यक्षों को बदल दिया गया है.इस बार पार्टी ने राजनीति की नई धारा को महत्व देते हुए विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा को जिलाध्यक्ष का दायित्व सौपा है.इस पद पर पिछले दो दशक से दिलीप मिश्रा काम कर रहे थे.इसीतरह शहर अध्यक्ष का लम्बे समय से काम देख रहे मकसूद अहमद की जगह अल्पसंख्यक कोटे से आरिफ अहमद सिद्धिकी को जिम्मेदारी सौंपी गई है.

जानकारों की राय यह है कि ऐसा आने वाली नई पीढी को मौका देने के उद्धेश्य किया गया है.रीवा के शहर अध्यक्ष पद पर भी परिवर्तन कर पार्षद रहे अशोक पटेल को अवसर दिया गया है.जबकि इसके पहले यह जिम्मा लखनलाल खण्डेलवाल के पास था.इसी प्रकार नवगठित मऊगंज जिले के जिलाध्यक्ष पर मनोनीत पदमेश गौतम को हटाकर उनकी जगह हीरालाल कोल को अवसर दिया गया है.

सिंगरौली जिले में भी दोनों अध्यक्षों को बदल दिया गया है.पूर्व विधायक सरस्वती सिंह को ज्ञानेन्द्र द्विवेदी की जगह अध्यक्ष बनाया गया है.शहर अध्यक्ष के लिए प्रवीण सिंह चौहान को जिम्मासौपा गया है.यह पद पहले अरविन्द सिंह चंदेल के पास था.बुन्देलखण्ड के पन्ना जिले में सुजीत सिंह से दायित्व वापस लेते हुए अनीश खान को सौपा गया है.संगठनसृजन अभियान के मंथन के बाद विन्ध्य के लिए कांग्रेस ने अपनी नई टीम जनता के बीच खडी कर दी है.अब देखना यह है कि नई टीम संगठन के वरिष्ठ नेताओं की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है

Next Post

मैहर के संदीपनी उमावि में धूमधाम से मनाया गया जन्माष्टमी का पर्व

Sun Aug 17 , 2025
मैहर:राज्य शासन के निर्देशानुसार शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मैहर जिले के सांदीपनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह सहित विद्यालय के प्राचार्य एवं छात्र-छात्रायें उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के जीवन वृतान्तों पर आधारित झांकी […]

You May Like