सुसाइड नोट छोड़ आरक्षक ने लगाई फांस

सतना: मैहर जिला के थाना अमरपाटन में पदस्थ आरक्षक संजय यादव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। रामनगर थाना परिसर के शासकीय आवास में शुक्रवार को हुई इस घटना की जांच की जा रही है। यह बात सामने आई है कि आरक्षक ने खुदकुशी करने से पहले एक सुसाइड नोट लिखा है, जो पुलिस ने बरामद कर लिया।
पता चला है कि आरक्षक संजय यादव पिता रामकुमार यादव (33) निवासी नारायणपुर चंदौली उप्र की पदस्थापना यहां जिला पुलिस बल मैहर में थी।

मैहर जिला में सेवा के दौरान संजय को रामनगर थाना से लाइन हाजिर किया गया था। इसके बाद उसे अमरपाटन थाना में पदस्थ किया गया। लेकिन उसका शासकीय आवास रामनगर में ही रहा, जहां से वह अमरपाटन थाना आता जाता था। स्वतंत्रता दिवस की ड्यूटी के बाद वह अमरपाटन से रामनगर पहुंचा और उसने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। आरक्षक की मृत्यु के बाद कई तथ्य सामने आए हैं, जिनकी पुलिस जांच कर रही है।

एक चर्चा यह भी है कि पूर्व में सतना जिला के थाना सभापुर में रहते हुए उसका एक लड़की से प्रेम हुआ था, जो उसे ब्लैकमेल करने लगी थी। प्रेम और परिवार के बीच की उलझन में आरक्षक ने आत्मघाती कदम उठा लिया। हालांकि इस बात में कितनी सच्चाई है, इसका पुलिस पता लगा रही है। कुछ दिन पहले ही संजय का परिवार रामनगर से गांव चला गया था, प्रेम के कारण उसके पारिवारिक रिश्ते भी बहुत अच्छे नहीं चल रहे थे। इस पूरे मामले में पुलिस खुलकर कुछ भी बताने से परहेज कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Next Post

नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की, जगतदेव तालाब के कांच मंदिर में मना श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

Sun Aug 17 , 2025
सतना:राज्य शासन के निर्देशानुसार शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व जिले में धूमधाम से आयोजित किया गया। जिला प्रशासन सतना द्वारा सीईओ जिला पंचायत संजना जैन की उपस्थिति में जगतदेव तालाब परिसर के कांच मंदिर में श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव भक्तिभावना से ओत-प्रोत माहौल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला […]

You May Like