इंदौर: हीरानगर थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद के बाद एक महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई. गौरी नगर में रहने वाली 30 वर्षीय सोनम पित कैलाश सूर्यवंशी को शुक्रवार को हालत बिगड़ने पर परिजन निजी अस्पताल ले गए थे, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.हीरानगर थाना प्रभारी पीएल शर्मा ने बताया कि सोनम ने गेहूं में रखने वाली दवाई खाई थी.
सोनम अपने पति और दो बच्चों के साथ रहती थी. घटना के समय उसका पति होटल में काम पर गया हुआ था. बेटे ने पिता को फोन कर बताया कि मां ने कुछ खा लिया है, सूचना मिलते ही महिला का भाई अजय मौके पर पहुंचा और बहन को अस्पताल ले गया, लेकिन जान नहीं बच सकी. शनिवार को एमवाय अस्पताल में पोस्टमार्टम कर मामले को जांच में लिया. वहीं सहायक उपनिरीक्षक देवराज सिंह बघेल ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है.
महिला के पति ने कुछ साल पहले मकान बनाने के लिए 9 लाख रुपए का लोन लिया था. घटना वाले दिन वह सुबह चाय-नाश्ता करने के बाद काम पर निकला था. वहीं महिला के भाई अजय ने पुलिस को बताया कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था. भांजे ने भी उन्हें बताया कि झगड़े के बाद पिता घर से निकलते समय कह गए थे ‘गोली खाकर मर जाना’.
रोजाना होता था विवाद
अजय के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच रोजाना विवाद हो रहा था. इधर, पुलिस का कहना है कि पति के बयान लिए गए हैं, जिसमें उसने विवाद की बात से इनकार किया है. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है.
