मास्को, 16 अगस्त (वार्ता) पश्चिमी रूस के रियाजान क्षेत्र में एक औद्योगिक कारखाने में आग लगने से 11 लोगों की मौत हो गई और 130 अन्य घायल हो गए।
रूस के आपातकालीन स्थिति मंत्रालय ने शनिवार को अपने टेलीग्राम चैनल पर बताया कि मलबा हटाने के दौरान दो और लोगों के शव मिले। इस मामले में ताजा सूचना मिलने तक 11 लोगों की मौत हो गयी और 130 लोग घायल हो गए।
मंत्रालय के अनुसार इससे पहले एक व्यक्ति को मलबे से बचाया गया था जिसका पता एयर-मोबाइल समूह ग्रुप ने लगाया था और श्वान इकाइयों ने उसे मलबे से निकालने में मदद की थी। अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर 360 से अधिक विशेषज्ञ और 90 उपकरण तैनात किए गए हैं जबकि वहां खोज और बचाव अभियान भी जारी है।
शिलोव्स्की जिले के लेस्नोय में एक कारखाने की उत्पादन कार्यशाला में स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग साढ़े दस बजे (0730 जीएमटी) आग लग गई। स्थानीय जांच अधिकारियों ने घटना के संबंध में खतरनाक उत्पादन केन्द्रों में औद्योगिक सुरक्षा आवश्यकताओं के उल्लंघन का मामला दर्ज किया था।
