मोदी का संबोधन बासी और नीरस : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 15 अगस्त (वार्ता) कांग्रेस ने स्वतंत्रता दिवस पर लाल किला की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12वें भाषण को बासी, पाखंड से भरा और नीरसतापूर्ण करार देते हुए कहा है कि उन्होंने वही सब नारे दोहराये हैं जो वह हर साल सुनाते रहे हैं।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने कहा कि विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और सबका साथ-सबका विकास जैसे वही नारे दोहराये गये हैं जिनको वह सालों से सुना रहे हैं। उनके नारों का कोई नतीजा अब तक नहीं निकला है। श्री मोदी द्वारा ‘मेड-इन-इंडिया’ सेमीकंडक्टर चिप का वादा बार बार बड़े झूठ के साथ किया गया है और इस तरह की बातें करना श्री मोदी की पहचान बन गया है। उनका कहना था कि भारत का पहला सेमीकंडक्टर कॉम्प्लेक्स 1980 के दशक की शुरुआत में ही चंडीगढ़ में स्थापित किया गया था। किसानों की रक्षा की बात को खोखली करार देते हुए उन्होंने कहा कि तीन काले कृषि कानून उनकी ही सरकार ने थोपने की कोशिश की थी लेकिन आज वह एमएसपी की कानूनी गारंटी, लागत पर 50 प्रतिशत लाभ के साथ एमएसपी तय करने या कर्ज़ माफी का कोई ठोस ऐलान नहीं कर पा रहे हैं। रोजगार सृजन पर सिर्फ दिखावटी बातें की जा रही हैं।

एकता, समावेशन और लोकतंत्र पर श्री मोदी के भाषण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि श्री मोदी स्वयं चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं के पतन के जिम्मेदार और योजनाकार रहे हैं। विपक्ष के नेता द्वारा चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर उठाए गए सवाल पर उन्होंने कहा कि बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के जरिए लाखों मतदाताओं को वंचित किया जा रहा है। उन्होंने इसे संघीय ढांचे को कमजोर करने का प्रयास बताया और कहा कि श्री मोदी बार बार इस तरह के कदम उठा रहे हैं। उनका कहना था कि स्वतंत्रता दिवस दूरदर्शिता, स्पष्टवादिता और प्रेरणा का क्षण होना चाहिए। लेकिन आज का संबोधन आत्म-प्रशंसा और चुनिंदा कहानियों का नीरस मिश्रण था – जिसमें देश की गहरी आर्थिक तंगी, बेरोजगारी संकट और तेजी से बढ़ती आर्थिक असमानता का कोई ईमानदार ज़िक्र नहीं था।

 

 

 

Next Post

स्वतंत्रता दिवस की झलकियां

Fri Aug 15 , 2025
नयी दिल्ली 15 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शुक्रवार को लाल किले की प्राचीर से लगातार 12वीं बार ध्वजारोहण किया। इस कार्यक्रम की मुख्य झलकियां इस प्रकार हैं। …………………………………………………………………………………………………………………… श्री मोदी जब ध्वजारोहण के बाद देशवासियों को संबोधित कर रहे थे तब वहां […]

You May Like