आर्थिक आज़ादी और आत्मनिर्भर भारत

15 अगस्त, 1947 को हमने राजनैतिक स्वतंत्रता पाई. इतने वर्षों की यात्रा के रूप में भारत ने खुद को दुनिया के समक्ष एक सशक्त लोकतांत्रिक और मानवीय मूल्यों को मानने वाले राष्ट्र के रूप में स्थापित किया है. पिछले 78 वर्षों के दौरान भारत ने अनेक चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया है, लेकिन चुनौतियां अभी समाप्त नहीं हुई है इसलिए हमें इन सभी चुनौतियों का एकजुटता के साथ मुकाबला करना है. पहलगाम हमला और हमारी अर्थव्यवस्था को अस्थिर करने की सोच इस बात का उदाहरण है कि कुछ देश भारत की हर तरह की आजादी पर ग्रहण लगना चाहते हैं . लेकिन इस तरह के हमलों का देश की जनता ने जिस तरह से एकता के साथ जवाब दिया उसकी मिसाल नहीं मिलती.दरअसल, आज़ादी तभी सार्थक होती है, जब वह आर्थिक रूप से भी सशक्त हो. आज जब हम स्वतंत्रता के 79 वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं, हमें यह याद रखना होगा कि आत्मनिर्भरता केवल एक नारा नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय संकल्प है.आर्थिक आत्मनिर्भरता का अर्थ यह नहीं कि हम वैश्विक व्यापार से अलग हो जाएं, बल्कि यह है कि हम अपनी उत्पादन क्षमता, नवाचार और तकनीकी दक्षता में इतने सक्षम हों कि कोई बाहरी दबाव हमारी प्रगति की दिशा तय न कर सके. आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य यह है कि हम अपने संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग करते हुए दुनिया में सम्मानजनक हिस्सेदारी बनाए रखें. कृषि, उद्योग, रक्षा उत्पादन, ऊर्जा और डिजिटल क्षेत्र में स्वदेशीकरण की दिशा में ठोस कदम उठाना इसी दृष्टि का हिस्सा है. आत्मनिर्भरता और स्वालंबन में एक आम आदमी भी अपना योगदान दे सकता है. उदाहरण के लिए दिवाली के दीए हम मिट्टी के जलाएं तो इससे हमारे छोटे-छोटे कुटीर उद्योगों को फायदा हो सकता है. पर्यटन, ग्राम शक्ति, लघु उद्योग, कृषि उद्योग इत्यादि क्षेत्रों पर हमें फोकस करना होगा. अमेरिका द्वारा लगाया जा रहा अन्याय पूर्ण टैक्स भी हमारे लिए एक अवसर है. स्वदेशी और आत्मनिर्भरता की अलख जगा कर हम आर्थिक आजादी का लक्ष्य प्राप्त कर सकते हैं. भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता में एकता है. यहां अनेक भाषाएं, धर्म, संस्कृतियां और परंपराएं हैं, लेकिन इन सबको जोडऩे वाली डोर है भारतीयता. यही सामाजिक एकजुटता हमारी लोकतांत्रिक प्रणाली की नींव है. लोकतंत्र केवल चुनावी प्रक्रिया का नाम नहीं, बल्कि वह विश्वास है कि हर नागरिक को अपनी आकांक्षाओं के अनुरूप अवसर और अधिकार मिलेंगे.एक मजबूत लोकतांत्रिक भारत के लिए जरूरी है कि शासन पारदर्शी हो, संस्थाएं जवाबदेह हों और नीतियां समावेशी हों. लोकतंत्र तब फलता-फूलता है, जब विकास केवल आंकड़ों में नहीं, बल्कि जीवन स्तर में नज़र आता है—जब गांव से महानगर तक शिक्षा, स्वास्थ्य, रोज़गार और न्याय की समान पहुंच हो. हमें यह संकल्प लेना होगा कि राजनीतिक स्वतंत्रता को आर्थिक और सामाजिक समृद्धि में बदलें. आत्मनिर्भर भारत केवल सरकार का एजेंडा नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की साझा जिम्मेदारी है. यही वह मार्ग है, जिससे भारत न केवल दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक शक्ति बना रहेगा, बल्कि आर्थिक और सांस्कृतिक रूप से भी अग्रणी स्थान पर पहुंचेगा. स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से लहराता तिरंगा हमें यही संदेश देता है कि सच्ची आज़ादी वही है, जो सबके लिए समान अवसर, सम्मान और आत्मनिर्भर भविष्य सुनिश्चित करे. स्वतंत्रता दिवस की सभी को बहुत बहुत शुभकामनाएं.

 

Next Post

एनआईए कोर्ट ने 2014 मामले के मुख्य आरोपी को सुनाई पांच साल की सजा

Fri Aug 15 , 2025
नई दिल्ली, (वार्ता) राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए)की चेन्नई स्थित एक विशेष अदालत ने 2014 के साकिर हुसैन जासूसी मामले में एक मुख्य आरोपी को पांच साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। इस मामले में एक पाकिस्तानी नागरिक और एक श्रीलंकाई नागरिक ने भारत में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास और […]

You May Like

मनोरंजन