
इंदौर. स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मज़बूत करने के लिए इंदौर पुलिस कमिश्नरेट की बीडीडीएस टीम ने 14 अगस्त को विशेष चैकिंग अभियान चलाया. इस दौरान शहर के प्रमुख स्थानों पर संदिग्ध वस्तुओं की तलाश और सुरक्षा इंतज़ामों का जायज़ा लिया.
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में अति पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय मनोज कुमार श्रीवास्तव, पुलिस उपायुक्त आसूचना एवं सुरक्षा हंसराज सिंह और अति पुलिस उपायुक्त सुरक्षा प्रमोद सोनकर के मार्गदर्शन में पुलिस सुरक्षा शाखा व बीडीडीएस टीम ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, राजवाड़ा, एयरपोर्ट, आरएपीटीसी ग्राउंड, टीआई मॉल, सी 21 मॉल, सेंट्रल मॉल सहित प्रमुख मंदिरों, बाजारों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों की सघन तलाशी ली. चैकिंग के दौरान पुलिस डॉग स्क्वॉड, एचएचएमडी और अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से संदिग्ध वस्तुओं की जांच की. अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई न केवल सुरक्षा व्यवस्था की मजबूती के लिए है, बल्कि नागरिकों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ाने के उद्देश्य से भी की जा रही है.
