बैंकिंग, आईटी शेयरों में लिवाली से लगातार दूसरे दिन हरे निशान में रहे प्रमुख सूचकांक

मुंबई, 14 अगस्त (वार्ता) बैंकिंग के साथ आईटी और फार्मा कंपनियों में लिवाली से घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को प्रमुख सूचकांकों में मामूली तेजी रही और बीएसई की 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 57.75 अंक (0.07 प्रतिशत) चढ़कर 80,597.66 अंक पर पहुँच गया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 भी 11.95 अंक यानी 0.05 प्रतिशत मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर 24,631.30 अंक पर रहा।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन के बीच अमेरिका के अलास्का में शुक्रवार को प्रस्तावित बैठक से पहले निवेशकों ने आज सतर्कता बरती।
सेंसेक्स 85.37 अंक की बढ़त के साथ 80,625.28 अंक पर खुला। यह ऊपर 80,751.18 अंक और नीचे 80,489.86 अंक तक गया। इसी प्रकार, निफ्टी-50 की शुरुआत 12.10 अंक की गिरावट के साथ 24,607.25 अंक पर हुई। इसका दिवस का निचला स्तर 24,596.90 अंक और उच्चतम स्तर 24,673.65 अंक रहा।
बाजार में कुल मिलाकर निवेश धारणा कमजोर रहने के बावजूद एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एसबीआई के साथ इंफोसिस और इटरनल जैसी कंपनियों में लिवाली से प्रमुख सूचकांक बढ़त में बंद होने में कामयाब रहे।
सेंसेक्स की 30 में से 14 कंपनियों के शेयरों में तेजी और अन्य 16 में गिरावट रही। इटरनल का शेयर सबसे अधिक 1.94 प्रतिशत चढ़ा। इंफोसिस में 1.50 फीसदी और एशियन पेंट्स में 1.16 फीसदी की तेजी रही। टाइटन, एचडीएफसी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और बजाज फिनसर्व के शेयर भी 0.50 प्रतिशत से अधिक चढ़े।
टाटा स्टील का शेयर सेंसेक्स में सबसे अधिक 3.03 प्रतिशत, टेक महिंद्रा का 1.53 प्रतिशत, अडानी पोर्ट्स का 1.34 प्रतिशत और बीईएल का 1.02 प्रतिशत की गिरावट में रहा। रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईटीसी, हिंदुस्तान यूनिलिवर और टीसीएस के शेयर भी टूट गये।
मझौली और छोटी कंपनियों में बिकवाली के कारण एनएसई का निफ्टी मिडकैप 50 सूचकांक 0.44 प्रतिशत और स्मॉलकैप 100 सूचकांक 0.38 फीसद टूट गया। सौ शेयरों पर आधारित निफ्टी 100 सूचकांक 0.01 प्रतिशत की नाममात्र की बढ़त में बंद हुआ।
एनएसई में जिन 3,046 कंपनियों के शेयरों में आज कारोबार हुआ, उनमें से 1,153 के शेयरों में तेजी और 1,786 में गिरावट रही।
निवेशकों ने बैंकिंग के अलावा टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, आईटी और फार्मा कंपनियों में पैसा लगाया। वहीं, धातु, एफएमसीजी और रियलिटी सेक्टरों में गिरावट रही।
विदेशों में एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 1.45 प्रतिशत, हांगकांग का हैंगसेंग 0.37 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.46 प्रतिशत चढ़ा। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.48 प्रतिशत की तेजी में रहा जबकि ब्रिटेन का एफटीएसई 0.02 प्रतिशत नीचे कारोबार कर रहा था।

Next Post

एसएंडपी ने भारत की रेटिंग बढ़ाकर 'बीबीबी' की

Thu Aug 14 , 2025
नयी दिल्ली, 14 अगस्त (वार्ता) क्रेडिट रेटिंग एजेंसी एसएंडपी ग्लोबल ने आर्थिक मजबूत और सतत वित्तीय अनुशासन के मद्देनजर भारत की रेटिंग ‘बीबीबी माइनस’ से बदलकर ‘बीबीबी’ कर दी है। एसएंडपी ग्लोबल ने गुरुवार को बताया कि उसने भारत का परिदृश्य भी ‘नकारात्मक’ की जगह ‘स्थिर’ कर दिया है। एजेंसी […]

You May Like