जबलपुर:शहर के सबसे व्यस्तता वाले चौराहा दीनदयाल चौक इन दिनों रोजाना जाम की मार झेल रहा है। यहां पर हर घंटे जाम की स्थिति बन रही है। जानकारी के अनुसार यहां आईएसबीटी बस स्टैंड से जैसे ही बसों का आवागमन होता है, तो वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। बड़ी-बड़ी बसें जब चौराहे से होकर गुजरती है तो बाकी वाहन थम जाते हैं। इसके अलावा चौराहे पर चारों दिशाओं से आने ऑटो और ई- रिक्शा भी सवारी के लिए सड़कों तक खड़े रहते हैं, जिनकी मनमानी के चलते स्थिति और बिगड़ जाती है।
यहां बाजार में भी लोग परेशान
जबलपुर। एक ओर आगामी त्योहार के चलते मुख्य बाजार बड़ा फुहारा, कमानिया गेट में लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है। उससे बाजार क्षेत्र में भी ट्रैफिक जाम की समस्या बनी हुई है। इसके अलावा ट्रैफिक जाम को और अधिक बढ़ाने के लिए ई-रिक्शा, तीन पहिया लोडिंग वाहन और चार पहिया वाहन अपना पूरा योगदान दे रहे थे। जिनकी धमाचौकड़ी लोगों के लिए सर दर्द बन चुकी हैं। इनकी मनमानी के कारण लोग जाम में फंसे रहे और परेशान होते हुए नजर आए।
