गाजा, 13 अगस्त (वार्ता) गाजा पट्टी में इजरायली हमलों में कम से कम 49 फिलिस्तीनी मारे गये हैं।
यह जानकारी गाजा में गाजा के नागरिक सुरक्षा प्रवक्ता महमूद बसल ने दी। उन्होंने चीन की न्यूज एजेंसी शिन्हुआ को बताया कि गाजा शहर के दक्षिण में स्थित ज़ितून इलाके में मंगलवार को इजरायली हवाई हमलों में 32 लोग मारे गये। उन्होंने कहा कि इजरायली सेना ने बिना किसी पूर्व चेतावनी के इलाके को निशाना बनाकर बमबारी की, जिसके कारण कई घर नष्ट हो गये। उन्होंने कहा कि नागरिक सुरक्षा दल घनी आबादी वाले इस इलाके को इजरायली हमले के कारण उत्पन्न कठिन सुरक्षा परिस्थितियों में मृतकों के शवों को तलाश रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दक्षिणी गाजा पट्टी के खान यूनिस के पश्चिम में अल-मवासी इलाके में एक तंबू को निशाना बनाकर किए गये इजरायली हवाई हमले में पांच लोग मारे गये। उन्होंने बताया कि दक्षिणी गाजा शहर के सबरा इलाके में फिलिस्तीनियों के एक समूह को निशाना बनाकर किए गये इज़रायीली हमले में तीन लोग मारे गए, जबकि उसी शहर के अल-सहाबा इलाके में एक अपार्टमेंट पर हुए एक अन्य हवाई हमले में चार अन्य लोग मारे गए।
श्री बसल ने कहा कि गाजा पट्टी के मध्य और दक्षिण में, अमेरिका समर्थित सहायता वितरण केंद्रों के पास इज़रायली सेना की गोलीबारी में पांच लोग मारे गये।
उधर, इज़रायल रक्षा बलों (आईडीएफ) ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि आईडीएफ के सैनिक पूरे गाजा पट्टी में ‘आतंकवादी संगठनों’ के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखे हुए हैं।
आईडीएफ ने कहा, “दक्षिणी गाजा पट्टी में, पश्चिमी खान यूनिस में कार्यरत आईडीएफ सैनिकों ने एक ढांचे पर हमला कर उसे ध्वस्त कर दिया, जहां से क्षेत्र में कार्यरत आईडीएफ सैनिकों पर मोर्टार दागे जा रहे थे।”
आईडीएफ के बयान में आगे कहा गया है, “उत्तरी और मध्य गाजा पट्टी में, आईडीएफ सैनिक आतंकवादियों का सफाया कर रहे हैं और क्षेत्र में आतंकवादी ढांचे को ध्वस्त कर रहे हैं।”
गाजा स्थित स्वास्थ्य अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि गाजा पट्टी के अस्पतालों में पिछले 24 घंटों में भुखमरी और कुपोषण से पांच मौतें दर्ज की गयीं, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। इससे अक्टूबर 2023 से भुखमरी और कुपोषण से मरने वालों की संख्या 227 हो गयी है, जिनमें 103 बच्चे शामिल हैं।
