श्योपुर: विजयपुर में आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर विजयपुर जनपद के सभागार में आज महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम अभिषेक मिश्रा ने की। बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों ने भाग लिया। एसडीएम अभिषेक मिश्रा ने स्वतंत्रता दिवस के आयोजन को गरिमामय बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने कार्यों को समय पर और पूरी सतर्कता से पूरा करने की सलाह दी।
उन्होंने बैठक में यह भी कहा कि इस राष्ट्रीय पर्व पर सुरक्षा, स्वच्छता, सजावट, सांस्कृतिक कार्यक्रम और झंडावंदन जैसी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम शासकीय कन्या स्कूल में आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम स्थल पर विशेष सजावट, साफ-सफाई और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की जाएगी।
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभागों की जिम्मेदारियां पूरी गंभीरता और समयसीमा में पूरा करें। विभिन्न विभागों के अधिकारियों को कार्य आवंटित किए गए, और यह सुनिश्चित करने की आवश्यकता जताई गई कि सभी तैयारियां तय समयसीमा में पूरी कर ली जाएं। बैठक में शामिल विभागों में तहसील, पुलिस, नगर परिषद, शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, विद्युत, जनपद पंचायत समेत अन्य विभागों के अधिकारी शामिल थे।
