रीवा: निगम आयुक्त अक्षत जैन ने सोमवार को आयोजित टीएल बैठक में टीएल पत्रों, विभिन्न विभागीय कार्यों, जल प्रदाय व्यवस्था, वर्षाकाल पूर्व तैयारियों, जर्जर भवनों, अतिक्रमण, बिल्डिंग परमिशन एवं जनहित से जुड़े विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा की.बैठक में निगम आयुक्त ने शहर में पेयजल की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जल प्रदाय से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा सभी उपयंत्रियों को अपने-अपने वार्डों की जल आपूर्ति व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए.
साथ ही निगम आयुक्त ने कहा कि जिन क्षेत्रों में नियमित रूप से वाटर सप्लाई नहीं हो पा रही है, वहां टैंकरों के माध्यम से प्रात: 7 बजे के पूर्व जल उपलब्ध कराया जाए, बैठक में वर्षा पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए निगम आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी वार्ड पार्षदों से समन्वय स्थापित कर जलभराव एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का चिन्हांकन कर आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं तथा शहर के सभी नालों की व्यापक सफाई 10 जून के पूर्व शत-प्रतिशत पूर्ण की जाए. निगम आयुक्त ने कहा कि जिन नालों के ऊपर किए गए अतिक्रमणों से चोकिंग प्वाइंट बन रहे हैं, उन्हें चिन्हांकित कर हटाने की कार्यवाही की जाए.
