आईजीयू ने पहले एपीजीसी मिड-अमैच्योर चैम्पियनशिप के लिए चार सदस्यीय टीम भेजी

टेंगरांग (इंडोनेशिया), (वार्ता) इंडियन गोल्फ यूनियन (आईजीयू), जो कि युवा कार्य और खेल मंत्रालय द्वारा मान्यता प्राप्त गोल्फ का राष्ट्रीय खेल महासंघ है, ने इंडोनेशिया में एशिया-पैसिफिक गोल्फ कॉन्फेडरेशन द्वारा आयोजित पहली मिड-अमैच्योर चैम्पियनशिप में भाग लेने के लिए चार सदस्यीय टीम भेजी है। इस टूर्नामेंट का आयोजन इंडोनेशिया गोल्फ एसोसिएशन के सहयोग से किया जा रहा है।

मौजूदा आईजीयू ऑल-इंडिया मिड-अमैच्योर चैंपियन रणजीत सिंह भारतीय टीम की अगुवाई कर रहे हैं। उनके साथ टीम में अर्जुन सिंह, सिमरजीत सिंह और कर्नल वरुण परमार शामिल हैं। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट ग्रैहम मार्श द्वारा डिजाइन किए गए गेडिंग राया गोल्फ क्लब, टेंगरांग में 12 से 14 अगस्त तक खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में 20 देशों से कुल 80 गोल्फर भाग ले रहे हैं, जो इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे।

कर्नल वरुण परमार, जिन्होंने 2025 वर्ल्ड मिलिट्री गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था और आईजीयू ऑल-इंडिया मिड-अमैच्योर चैंपियनशिप में उपविजेता रहे थे, अपनी उपस्थिति से भारतीय टीम को मजबूती प्रदान करते हैं। सिमरजीत सिंह, जिन्होंने 2022 में आईजीयू ऑल-इंडिया मिड-अमैच्योर गोल्फ चैंपियनशिप जीती थी और इससे पहले कई राष्ट्रीय खिताब भी अपने नाम किए हैं, टीम का अहम हिस्सा हैं।

प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भाग लेने को लेकर अपनी उत्सुकता साझा करते हुए रणजीत सिंह ने कहा, “मैं कई वर्षों से भारत का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं और इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए मुझे भेजने के लिए मैं इंडियन गोल्फ यूनियन का हृदय से आभारी हूं। यह एशिया-पैसिफिक गोल्फ कॉन्फेडरेशन द्वारा आयोजित पहली मिड-अमैच्योर चैम्पियनशिप है और मुझे खुशी है कि मैं इसमें भाग लेने वाली पहली भारतीय टीम का हिस्सा हूं। गेडिंग राया कोर्स बेहतरीन स्थिति में है, लेकिन अगले तीन दिनों में बारिश की संभावना है, इसलिए परिस्थितियों के अनुसार ढलना बेहद जरूरी होगा।”

आईजीयू के महानिदेशक मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) विभूति भूषण ने कहा, “आईजीयू ने इंडोनेशिया के लिए एक मजबूत टीम भेजी है, जो इस पहले एपीजीसी मिड-अमैच्योर चैम्पियनशिप में भाग लेगी। यह टूर्नामेंट टीम सदस्यों के बीच सौहार्द और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने का एक शानदार अवसर है। 20 से अधिक देशों के बीच खेले जाने वाला यह आयोजन भारतीय टीम को अपनी क्षमताओं को परखने और तिरंगे के लिए खेलने का अवसर प्रदान करता है।”

मिड-अमैच्योर चैम्पियनशिप चार आयु वर्गों में आयोजित की जाएगी – ग्रुप ए (आयु 25 से 29 वर्ष), ग्रुप बी (30 से 37 वर्ष), ग्रुप सी (38 से 46 वर्ष) और ग्रुप डी (47 वर्ष और उससे अधिक)। यह टूर्नामेंट उन पुरुष खिलाड़ियों के लिए खुला है, जिनकी स्थिति R&A दिशानिर्देशों के अनुसार ‘अमैच्योर’ मानी जाती है। यह स्पर्धा 54 होल की व्यक्तिगत स्ट्रोकप्ले प्रारूप में खेली जाएगी।

 

 

Next Post

आकाशदीप को बगैर एचआरएसपी नम्बर प्लेट के मोटर वाहन न चलाने का निर्देश, डीलर को नोटिस

Tue Aug 12 , 2025
लखनऊ (वार्ता) उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग ने भारतीय टीम के हरफनमौला खिलाड़ी आकाशदीप को बगैर एचआरएसपी नम्बर प्लेट के मोटर वाहन चलाने पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही चिनहट स्थित कार डीलरशिप मैसर्स सनी मोटर्स का लाइसेंस अस्थायी रूप से एक महीने के लिए निलंबित कर दिया है। […]

You May Like