पटना, 09 अगस्त (वार्ता) बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार की सरकार पर 70 हजार करोड़ रुपये का घोटाला करने का आरोप लगाया और कहा कि यदि उनकी सरकार बनती है तो वह इस राशि को वापस लाकर राज्य की बहनों को रक्षाबंधन का शगुन देंगे।
श्री यादव ने रक्षाबंधन के अवसर पर बिहार की महिलाओं से भावनात्मक अपील करते हुये कहा कि यदि प्रदेश मे उनकी सरकार बनती है तो वह 70 हजार करोड़ रुपया वापस लायेंगे और बिहार की बहनों को रक्षाबंधन की सौगात देंगे।
श्री यादव ने बिहार की महिलाओं के नाम दो पेज का पत्र लिखा है और उन्हें अपनी बहन बताते हुए उनसे तेजस्वी के नाम की भी एक राखी बांधने को कहा है। उन्होंने पत्र में दावा किया है कि उनका ‘तेजस्वी भैया’ हर घर की हर बहन की समृद्धि के बारे में सोच रहा है और नीतियां बना रहा है, जिसे लागू करने के लिए उन्हें सभी बहनों के सहयोग की जरूरत है।
श्री यादव ने एक्स पर पत्र को शेयर किया है। उन्होंने बिहार की बहनों को ‘रक्षाबंधन’ शुभकामना दी और कहा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि आपको इस रक्षाबंधन सुख, समृद्धि, शांति और प्रगति प्रदान करे। उन्होंने प्रदेश की महिलाओं से अनुरोध किया कि अपने-अपने भाइयों के राखी बांधने के बाद एक राखी अपने इस भाई तेजस्वी के नाम की बांधे। उन्होंने कहा कि वह बिहार के हर घर में आ नहीं जा सकते हैं, लेकिन लेकिन हर घर के बारे में, हर बहन की समृद्धि के बारे में वह सोच रहे हैं और नीतियां बना रहे हैं, जिन्हें लागू करने के लिए उन्हें सभी बहनों के सहयोग की जरूरत है।
