दतिया: मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.के. वर्मा ने पुराना जनाना अस्पताल स्थित सिटी डिस्पेंसरी समेत चार स्वास्थ्य कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सिटी हॉस्पिटल की बदहाल व्यवस्थाओं पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए शहरी नोडल अधिकारी को नोटिस देकर जबाव मांगा है।निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने ओपीडी, स्टोर शाखा, मरीज परीक्षण कक्ष और लैब का जायजा लिया।
व्यवस्थाएं असंतोषजनक मिलने पर मौके पर मौजूद डॉ. दिनेश बाथम से जानकारी ली गई, जहां कई खामियां सामने आईं। डॉ. वर्मा ने कहा कि मरीजों को बेहतर सुविधा देना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बाद उन्होंने जिला मलेरिया कार्यालय का निरीक्षण किया और जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. राहुल चौउदा से राष्ट्रीय वैक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम की प्रगति पर जानकारी ली। डॉ. वर्मा ने निर्देश दिए कि मच्छररोधी गतिविधियों को पूरे दमखम से चलाया जाए और पनप रहे लार्वा को समय रहते नष्ट किया जाए। उन्होंने आमजन को जागरूक करने पर भी जोर दिया, जिससे मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम संभव हो सके।
