कुलगाम मुठभेड़: दो जवान शहीद, दो घायल

श्रीनगर 09 अगस्त (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गये और अन्य दो घायल हुए हैं।

अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होने बताया कि मुठभेड़ आज नौवें दिन भी जारी है। उन्होंने बताया कि कल रात अखल वन क्षेत्र में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई भीषण गोलीबारी में चार जवान घायल हो गए, जिनमें से दो जवानों ने दम तोड़ दिया।

एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने कहा, “घायल जवानों को सेना के श्रीनगर 92 बेस अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान दो जवानों की मृत्यु हो गयी। ”

सेना की श्रीनगर स्थित चिनार कोर ने दोनों जवानों की पहचान लांस नायक प्रीतपाल सिंह और सिपाही हरमिंदर सिंह के रूप में की है।

चिनार कोर ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा, “चिनार कोर लांस नायक प्रीतपाल सिंह और जवान हरमिंदर सिंह के सर्वोच्च बलिदान का सम्मान करती है। उनका साहस और समर्पण हमें सदैव प्रेरित करता रहेगा। भारतीय सेना गहरी संवेदना व्यक्त करती है और शोक संतप्त परिवारों के साथ एकजुटता से खड़ी है।”

सेना ने कहा कि अभियान अभी भी जारी है। गौरतलब है कि एक अगस्त से कुलगाम के अखल घने जंगलों में आतंकवाद विरोधी अभियान चल रहा है। पिछले नौ दिनों में दो आतंकवादी मारे गए हैं, जिनमें से एक के स्थानीय होने का संदेह है। कई सुरक्षाकर्मी इस अभियान में घायल हुए हैं।

 

Next Post

रक्षाबंधन पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल रेलसेवाओं का संचालन

Sat Aug 9 , 2025
जयपुर 09 अगस्त (वार्ता) उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा रक्षाबंधन पर्व पर अतिरिक्त यात्री यातायात के मद्देनजर यात्रियों की सुविधा के लिए कई स्पेशल रेलसेवाओं का संचालन किया जा रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण के अनुसार गाडी संख्या 09601, उदयपुर सिटी-जयपुर एक तरफा स्पेशल रेलसेवा […]

You May Like