
शाजापुर।मणिपुर में तैनात सीआरपीएफ जवान मोहित सेन की ड्यूटी के दौरान एक्सीडेंट में मौत हो गई है. मोहित रानी बड़ौद गांव के रहने वाले थे. उनकी गुरुवार रात को दुर्घटना हुई थी, इसकी जानकारी परिजनों को शुक्रवार सुबह मिली.
मोहित सीआरपीएफ की 120 बटालियन में तैनात थे, उनकी पोस्टिंग मणिपुर में दो साल पहले हुई थी. मोहित ने शुजालपुर में अपनी पढ़ाई पूरी की थी. उनके पिता का नाम आनंदीलाल सेन है. परिवार में मोहित की मौत का समाचार मिलने के बाद से मातम छाया हुआ है. गांव में भी शोक की लहर है.राखी के बाद मोहित की सगाई होने वाली थी इसकी तैयारियां चल रही थी. गरीब परिवार से आने वाले मोहित को उनके पिता ने अच्छी शिक्षा दिलाई थी. अकोदिया थाना प्रभारी संजय सिंह राजपूत ने बताया कि मोहित का पार्थिव शरीर शुक्रवार रात भोपाल एयरपोर्ट पर आएगा. शनिवार को सुबह 8 बजे अकोदिया बस स्टैंड से तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी. डीजे और ढोल के साथ उनके शव को ग्राम रानी बड़ौद ले जाया जाएगा.अंतिम संस्कार सुबह 10.11 बजे के बीच गांव के मुक्तिधाम में किया जाएगा. कालापीपल के भाजपा विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने सोशल मीडिया के माध्यम से शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की है. अंतिम संस्कार की तैयारियां आज से शुरू हो गई है.
