
जबलपुर। प्राकृतिक आपदा, अतिवृष्टि और बाढ़ से हुई विभिन्न क्षतियों जैसे जनहानि, पशुहानि, मकान क्षति एवं अन्य क्षति के लिये प्रभावितों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगल क्लिक के माध्यम से राहत राशि वितरित की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मुख्यमंत्री निवास समत्व भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राहत राशि वितरित किया और हितग्राहियों से चर्चा भी किया। जानकारी के अनुसार जिले में 157 आपदा प्रभावितों 54 लाख 66 हजार वितरित की गई। जिसमें जनहानि के 12 प्रकरणों में 48 लाख, मकान क्षति के 142 प्रभावितों को 5 लाख 91 हजार 600 तथा कपड़ा, बर्तन,खाद्यान्न क्षति के 3 प्रभावितों को 15 हजार की राशि वितरित की गई। जिले में आपदा से सबसे प्रभावित शहपुरा और सिहोरा में है। इन दोनों ब्लॉकों में मकान क्षति के प्रकरण ज्यादा है। राहत राशि वितरण के अवसर पर कलेक्टर कार्यालय में स्थित एनआईसी कक्ष में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक नीरज सिंह ठाकुर, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा मुकेश गोटियां, प्रदेश भाजपा कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन,नगर व ग्रामीण अध्यक्ष रत्नेश सोनकर व राजकुमार पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। साथ ही कलेक्टर दीपक सक्सेना व अन्य संबंधित अधिकारी के साथ आपदा प्रभावित व उनके परिजन मौजूद रहकर मुख्यमंत्री डॉ यादव के संबोधन को देखा व सुना।
