
जबलपुर। दमोहनाका से मदनमहल तक बने मध्यप्रदेश के सबसे बड़े (फ्लाई ओवर ब्रिज) एलीवेटेड कोरिडोर का भव्य लोकार्पण केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के कर कमलों से आगामी 23 अगस्त को होगा। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने गुरुवार को दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से भेंट की।
लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने कहा दमोहनाका से मदनमहल तक लगभग 11 सौ करोड़ की लागत से बने प्रदेश के सबसे बड़े फ्लाई ओवर से जबलपुर के विकास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है, क्योंकि यह प्रदेश का सबसे बड़ा एलीवेटेड कोरिडोर होने के गौरव के साथ ही जबलपुर शहर के यातायात को सुगम और गतिशील बनाएगा और रेलवे स्टेशन के ऊपर बने केबल स्टे ब्रिज के साथ ब्रिज की सुंदरता भी इससे गुजरने वालों को आकर्षित करेंगी।
